Leadउत्तर प्रदेशगोंडादुनियादेशलखनऊ

Lok Sabha Election 2024: नवरात्रि में सपा जारी करेगी लोकसभा उम्मीदवारों की पहली लिस्ट!

प्रकाश सिंह

Lok Sabha Election 2024: देश के पांच राज्यों में विधानसभा चुनावों का एलान हो चुका है। वहीं लोकसभा चुनाव की रणभेरी बजने में ब ज्यादा वक्त नहीं रह गया है। लोकसभा चुनाव 2024 की तैयारी सभी राज्यों में शुरू हो गई है। उत्तर प्रदेश में बेसब्री से चुनाव का इंतजार कर रही समाजवादी पार्टी लोकसभा के लिए पूरी तरह तैयार नजर आ रही है। हालांकि विपक्षी गठबंधन (इंडिया) में शामिल होने की वजह से सीटों को लेकर सस्पेंस बना हुआ है। वहीं सूत्रों की मानें तो सपा ने 25 फीसदी सीटों पर टिकट फाइनल कर लिया है। चर्चा यह भी है कि नवरात्रि (Navaratri 2023) के मौके पर समाजवादी पार्टी की तरफ से प्रत्याशियों की पहली लिस्ट जारी कर दी जाएगी। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव लोकसभा चुनाव के लिए 20 प्रत्याशियों के नामों का एलान कर सकते हैं।

सपा की पहली लिस्ट में अखिलेश यादव परिवार का नाम

पार्टी सूत्रों की मानें तो अखिलेश यादव ने अंदरूनी तौर पर कुछ नेताओं को चुनावी मैदान में उतरने को भी कह दिया है। बताया यह भी जा रहा है कि सपा की तरफ से जारी होने वाली प्रत्याशियों की पहली लिस्ट में अखिलेश यादव परिवार के साथ-साथ करीबी नेताओं के नाम हो सकते हैं। सूत्रों के मुताबिक टिकट बंटवारे में जातीय समीकरण का विशेष ख्याल रखा गया है। सपा की पहली लिस्ट में अखिलेश यादव, शिवपाल यादव, डिंपल यादव, धर्मेंद्र यादव, अक्षय यादव और तेज प्रताप यादव का नाम तय माना जा रहा है।

इसके अलावा लिस्ट में परिवार के बाहर से भी कुछ वरिष्ठ नेताओं का नाम देखने को मिल सकता है। चर्चा यह भी है कि राष्ट्रीय महासचिव अवधेश प्रसाद को पार्टी अयोध्या से लोकसभा प्रत्याशी बना सकती है। पूर्व सांसद रेवती रमण को भी दोबारा मैदान में उतारने की कवायद जारी है। पार्टी बाहुल्य सीट पर मुख्य सचेतक मनोज पांडे उम्मीदवार बना सकते हैं। इसी क्रम में पूर्व सांसद अन्नू टंडन को उन्नाव लोकसभा सीट से चुनाव में उतारा जा सकता है। वहीं राजधानी लखनऊ में सपा विधायक रविदास मेहरोत्रा अंदरूनी रूप पर प्रचार भी शुरू कर चुके हैं।

इन 20 उम्मीदवारों के नामों की हो सकती घोषणा

पार्टी सूत्रों की मानें तो मुरादाबाद सांसद एसटी हसन का दोबारा प्रत्याशी बनना लगभग तय है। इसी तरह पार्टी की पहली लिस्ट में सपा प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल, पूर्व एमएलसी आनंद भदौरिया का नाम शामिल हो सकता है। वहीं अखिलेश यादव का कुनबा सपा के गढ़ मैनपुरी, बदायूं, आजमगढ़, फिरोजाबाद जैसी सीटों पर चुनाव लड़ेंगे। हालांकि गठबंधन इंडिया में अभी सीटों का बंटवारा होना बाकी है। गठबंधन में शामिल दलों के नेताओं का कहना है कि सीटों का बंटवारा आपसी सामंजस्य से होगा।

50 से 55 सीटों पर ताल ठोकेगी सपा

गौरतलब है कि अखिलेश यादव ने पहले ही साफ चुके हैं कि इस बार समाजवादी पार्टी टिकट बांटने की स्थिति में है। मतलब साफ है यूपी की 80 लोकसभा सीटों पर गठबंधन दलों के नेताओं को टिकट देने में सपा की महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी। इसके अलावा यह भी संकेत मिल रहे हैं कि टिकट बंटवारे में सपा किसी तरह के समझौते के मूड में नहीं है। फिलहाल सपा प्रवक्ता फकरुल हसन चांद के मुताबिक, पार्टी 50 से 55 सीटों पर ताल ठोंकने के लिए तैयारी कर रही है। यानी सपा विपक्षी गठबंधन के दलों को 25-30 सीट देने के पक्ष में है। जबकि कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय का कहना है कि उनकी पार्टी प्रदेश की सभी 80 लोकसभा सीटों पर तैयारी कर रही है। बता दें कि उत्तर प्रदेश में विपक्षी गठबंधन इंडिया में सपा के साथ कांग्रेस और रालोद सीटों के दावेदार हैं। आगे चलकर अगर किसी अन्य दल से गठबंधन होता है, तो सपा को छोड़कर, बाकी दलों को 25-30 सीट के बीच में समझौता करना पड़ेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button