Himachal: 2 दिन सरकारी अवकाश घोषित, पूर्व PM डॉ. मनमोहन सिंह के निधन पर राज्य में 7 दिन का राजकीय शोक

शिमला: पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के निधन से प्रदेश में शोक की लहर दौड़ गई है। हिमाचल प्रदेश सरकार ने उनके निधन पर 7 दिन के राजकीय शोक का ऐलान किया है। प्रदेशभर में आज और कल यानी 2 दिन का सरकारी अवकाश घोषित किया गया है। इस दौरान सभी सरकारी स्कूल, कॉलेज और दफ्तर बंद रहेंगे। पूरे प्रदेश में राष्ट्रीय ध्वज आधे झुके रहेंगे और सरकारी स्तर पर किसी भी सांस्कृतिक कार्यक्रम पर रोक रहेगी। इसके चलते शिमला विंटर कार्निवाल में 2 दिन के सांस्कृतिक कार्यक्रम रद्द कर दिए गए हैं।

हिमाचल के लिए खास रहे डॉ. मनमोहन सिंह
डॉ. मनमोहन सिंह का हिमाचल प्रदेश से गहरा नाता रहा है। 28 मई 2005 को उनके शिमला दौरे ने प्रदेश को कई ऐतिहासिक सौगातें दीं। उन्होंने नाथपा झाकड़ी हाइडल प्रोजेक्ट का उद्घाटन किया और ऊर्जा क्षेत्र में बड़े सुधारों की नींव रखी। इसके अलावा, उन्होंने भानुपल्ली से बिलासपुर तक 110 किलोमीटर लंबी रेललाइन परियोजना, चंडीगढ़-बद्दी रेललाइन का सर्वे, और नंगल से तलवाड़ा रेललाइन को 2008 तक पूरा करने का भरोसा दिलाया।
हिमाचल के विकास में दिया अनमोल योगदान
डॉ. मनमोहन सिंह ने हिमाचल की 3 विश्वविद्यालयों के उन्नयन के लिए 20 करोड़ रुपए की मदद दी। उन्होंने प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना (PMGSY) के तहत 410 पंचायतों को सड़क नैटवर्क से जोड़ने के लिए 200 करोड़ रुपए की विशेष मदद दी। कांगड़ा एयरपोर्ट के रनवे विस्तार और टूरिज्म को बढ़ावा देने के लिए उन्होंने हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। दूरदराज के क्षेत्रों में 20000 मुफ्त डीटीएच सेट-टॉप बॉक्स देने का उनका कदम भी यादगार है। प्रदेश के मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सहित उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह, तमाम कैबिनेट मंत्रियों व विधायकों और विपक्ष के नेता जयराम ठाकुर ने पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि हिमाचल प्रदेश उनके योगदान को हमेशा याद रखेगा।
NEWS SOURCE Credit : punjabkesari