
प्रकाश सिंह
Gonda News: क्षेत्र में विकास कार्यों को कराकर खुद को बहुत सकून मिलता है। जनता के प्यार और आशीर्वाद से आज मैं उस काबिल हूं कि करनैलगंज विधानसभा क्षेत्र के लिए कुछ कर सकूं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में बीजेपी की सरकार में उत्तर प्रदेश लगातार विकास की परिभाषा गढ़ रहा है। सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास के साथ हमारी सरकार लगातार आगे बढ़ रही है। ऐसा कुछ दावा है गोंडा जनपद के करनैलगंज विधानसभा क्षेत्र से बीजेपी विधायक अजय सिंह का। हिंदी न्यूज नाऊ के संपादक प्रकाश सिंह ने इन्हीं सब मुद्दों पर विधायक अजय सिंह से बातचीत की है। प्रस्तुत है बातचीत के प्रमुख अंश…
भारतीय संविधान के प्रति आपकी सोच क्या है
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में संविधान की गरिमा को वापस लाने का प्रयास किया जा रहा है। नये संसद भवन बनने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सिर पर संविधान को रखकर संसद में प्रवेश किया था। हमारी सरकार गरीबों के कल्याण के लिए तमाम योजनाएं चलाई हैं जिसका लाभ समाज के हर वर्ग को बिना भेदभाव के मिल रहा है।
संविधान को लेकर विपक्षी दलों के नेता आपकी सरकार पर लगातार हमलावर हैं। इस पर आप क्या कहना चाहते हैं।
लगातार चुनावी हार से विपक्ष हताश है। वह झूठ फैलाने के लिए संविधान निर्माता बाबा भीमराव अंबेडकर का सहारा ले रहे हैं। बाबा साहब ने संविधान में गरीबों, पिछड़ों को और सबके विकास की भावना को ध्यान में रखकर जो भूमिका निभाई उसके लिए वह हमेशा याद किये जाते रहेंगे। कुछ लोग अपनी राजनीतिक रोटियां सेंकने के लिए बाबा साहब के नाम का सहारा ले रहे हैं। बाबा साहब और संविधान को किसकी सरकार में सम्मान मिल रहा है यह देश की जनता देख रही है। शायद यही वजह है कि विपक्ष के तमाम दुष्प्रचार के बाद भी जनता का विश्वास हमारी सरकार में बना हुआ है।
भारतीय जनता पार्टी को और मजबूत करने की दिशा में आप लगातार प्रयासरत हैं। इसके पीछे आपका उद्देश्य क्या है।
देश की एकता, अखंडता और विकास के लिए देश पर प्रदेश में बीजेपी की सरकार होना बहुत जरूरी है। बीजेपी की सरकार में गरीबों-मजलूमों और सभी वर्गों के विकास के लिए योजनाएं बनाई जाती हैं। महिलाओं के लिए भी बीजेपी की सरकार आवश्यक है। क्योंकि अन्य सरकारों में महिलाओं की क्या दुर्दशा थी उसे सबने झेला है। हमारी सरकार में उज्ज्वला योजना, कन्या सुमंगला आदि योजनाएं चलाकर महिलाओं को स्वावलंबी बनाकर आगे बढ़ने का अवसर प्रदान किया गया है। महिला सुरक्षा प्रदेश में बड़ी चुनौती थी, लेकिन आज मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार में महिलाएं निर्भय होकर अपना काम कर रही हैं।
संभल की घटना पर आपकी क्या राय है।
संभल की घटना सबके सामने है। संभल को दहलाने की उपद्रवियों की जो साजिश थी उसे उसे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के चुस्त प्रशासन ने जिस तरह नाकाम किया उसे सब देख रहे हैं। योगी सरकार में अपराधी चाहे जो भी हो उसे बख्सा नहीं जाएगा। संभल हिंसा हो या बहराइच की सबमें प्रशासन दोषियों पर कड़ी कार्रवाई कर रही है।
उत्तर प्रदेश सरकार के तीन साल पूरे होने वाले हैं। ऐसे में आप अपने क्षेत्र के काई तीन काम ऐसे बताइये जिसे करके आपको खुशी मिली हो और जनता भी संतुष्ट हो।
हमारे विधानसभा क्षेत्र करनैलगंज में एक सड़क है चेतरी-सिधौली रोड, जिससे क्षेत्र की आधी आबादी जुड़ी है। जिसके खराब होने के चलते लोगों को आवागमन में काफी दिक्कत होती थी। हमने इस सड़क के निर्माण के लिए प्रयास किया, जिसका बजट सेक्शन हुआ और यहां सड़क आज पूर्ण होने की स्थिति में है। दूसरा करनैलगंज के कटरा घाट पर अन्त्येष्ठि स्थल और पूजा स्थल के निर्माण की प्रक्रिया चल रही है। इसी तरह गौरीगंज में भी पूजा स्थल और अन्त्येष्ठि स्थल के निर्माण के लिए पैसा सेक्शन हो गया है। इसके साथ ही अन्य पूजा स्थलों का सौंदर्यीकरण कराया गया है।
तुलसीदास के जन्म स्थल को संरक्षित करने के लिए अभी तक सरकारी स्तर पर कोई बजट नहीं आया था। योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में पहली बार इस स्थल के विकास के लिए बजट मिला है। जिसका कार्य कराया जा रहा है। करनैलगंज में फायर स्टेशन बन रहा है। बस स्टैंड के लिए प्रयास जारी है। स्टेडियम के लिए भी हमारा प्रयास चल रहा है। इस तरह क्षेत्र में तमाम ऐसे कार्य हुए हैं, जिसके पूरे होने से यहां की जनता को काफी सहूलियत मिली है। हमारी सरकार में अनवरत विकास के कार्य किए जा रहे हैं और यह आगे भी होते रहेंगे।