पटना। बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के दो चरणों के मतदान के बाद आज परिणाम आने शुरू हो जाएंगे। सुबह 8 बजे से सभी 38 जिलों में मतगणना शुरू होगी और आज ही 243 विधानसभा सीटों का स्पष्ट नतीजा सामने आ जाएगा। काउंटिंग से पहले कई बड़े राजनीतिक दलों और नेताओं की सियासी जमीन और ताकत पर भी सबकी नजरें टिकी हैं।
डिप्टी सीएम पद की दावेदारी—मुकेश सहनी पर सबकी नजर
महागठबंधन के भीतर तेजस्वी यादव को सीएम चेहरा और मुकेश सहनी को डिप्टी सीएम बनाने की मांग शुरू से चर्चा में रही। अब चुनाव परिणाम तय करेंगे कि सहनी की पार्टी वीआईपी क्या दमदार वापसी कर सकेगी।
2020 में वीआईपी के 4 विधायक जीते थे, जिनमें से 3 भाजपा में चले गए और एक सीट राजद ने उपचुनाव में जीत ली थी।
चिराग पासवान की LJP (Ram Vilas) के लिए निर्णायक दिन
चिराग पासवान की पार्टी को इस बार एनडीए में तीसरी सबसे बड़ी जगह मिली और उसे 29 सीटें मिलीं, जिनमें से एक नामांकन रद्द होने के बाद 28 उम्मीदवार मैदान में हैं।
2020 के चुनाव में बगावत के बाद चिराग की पार्टी मात्र 1 विधायक से सिमट गई थी, वह भी बाद में जदयू में शामिल हो गया।
आज के परिणाम तय करेंगे कि चिराग की “न्यू LJP” कितनी मजबूत वापसी कर पाती है।
AIMIM—ओवैसी की परीक्षा, 2020 के बाद झटका
असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी AIMIM ने बिहार में महागठबंधन में शामिल होने की भरपूर कोशिश की, लेकिन जगह नहीं मिली।
2020 में AIMIM के 5 में से 4 विधायक राजद में चले गए थे।
आज 2025 के परिणाम तय करेंगे कि सीमांचल में AIMIM फिर से पकड़ मजबूत कर पाएगी या नहीं।
जीतन राम मांझी की HAM–S की स्थिति
HAM-S इस चुनाव में 20 सीटों की मांग पर अड़ी थी, लेकिन एनडीए ने केवल 6 सीटें दीं।
2020 में पार्टी ने 4 सीटें जीतीं थी, एक उपचुनाव में जीती सीट भी लड़ाई को मजबूती देती है।
देखना होगा कि 6 सीटों में मांझी की पार्टी कितनी बढ़त बना पाती है।
वामदल—महागठबंधन सरकार की उम्मीदें
वामदलों ने इस बार महागठबंधन सरकार बनने पर विभाग संभालने तक की तैयारी कर ली है।
2020 में CPI-ML ने 12 सीटें, CPI-M और CPI ने 2-2 सीटें जीती थीं।
हालांकि बाद में परिवर्तनों से CPI-ML की संख्या 11 रह गई थी।
अब 2025 की काउंटिंग बताएगी कि वामदलों की पकड़ कितनी मजबूत होती है।
कांग्रेस—19 से 17 सीटों पर सिमटी थी; अब क्या होगा?
कांग्रेस को 2020 में 19 सीटें मिली थीं, लेकिन दो विधायकों के NDA को समर्थन देने के बाद संख्या 17 रह गई।
इस बार कांग्रेस आगे बढ़ेगी या और पीछे जाएगी—यह आज तय होगा।
JDU—2020 के झटके से उबरने की कोशिश
2020 में तीसरे नंबर पर रही JDU को सिर्फ 43 सीटें मिली थीं।
बीच-बीच में दल-बदल के बावजूद उपचुनाव से संख्या 45 हो गई थी।
2025 में नीतीश कुमार की पार्टी बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद कर रही है।
RJD—सबसे बड़ी पार्टी, लेकिन टूट से कमजोर
2020 में 75 सीटें जीतने वाली RJD बाद में कई विधायकों के अलग होने और सांसद बनने से घटकर 69 पर आ गई।
तेजस्वी यादव ने दावा किया है कि वे 18 नवंबर को शपथ लेंगे, लेकिन यह आज के परिणामों पर निर्भर करेगा।
BJP—80 विधायकों की ताकत के साथ चुनाव में उतरी
2020 में 74 सीटें, फिर उपचुनाव और दल-बदल से भाजपा की सीटें बढ़कर 80 हो गईं।
आज भाजपा अपनी बढ़त बरकरार रखती है या नहीं—इस पर पूरे देश की नजरें होंगी।
सबसे पहले किस सीट का परिणाम आएगा?
शेखपुरा जिले की बरबीघा सीट पर बूथों की संख्या सबसे कम है, इसलिए संभवतः पहला परिणाम वहीं से आएगा।
पटना जिले में मोकामा सीट का परिणाम सबसे पहले आने की उम्मीद है।


