स्पोर्ट्स डेस्क। अर्जेंटीना के महान फुटबॉलर लियोनल मेसी इन दिनों भारत के तीन दिवसीय ‘GOAT इंडिया टूर’ पर हैं। दौरे के दूसरे दिन आज मेसी मुंबई पहुंचेंगे, जहां वे क्रिकेट के भगवान कहे जाने वाले सचिन तेंदुलकर और भारतीय फुटबॉल टीम के पूर्व कप्तान सुनील छेत्री से मुलाकात करेंगे। इस खास मौके पर वानखेड़े स्टेडियम में कई बड़े सेलिब्रिटी भी मौजूद रह सकते हैं।
कोलकाता में हुआ भव्य स्वागत, 70 फीट ऊंची मूर्ति का उद्घाटन
शनिवार देर रात करीब 2:30 बजे मेसी कोलकाता एयरपोर्ट पहुंचे। रविवार सुबह सॉल्ट लेक स्टेडियम में उन्होंने अपने 70 फीट ऊंचे स्टैच्यू का वर्चुअल अनावरण किया। इस कार्यक्रम में बॉलीवुड सुपरस्टार शाहरुख खान भी शामिल हुए।
हालांकि, मेसी का स्टेडियम में रुकने का समय कम होने के कारण फैंस नाराज हो गए। वे तय एक घंटे की जगह केवल 22 मिनट ही रुके, जिसके बाद कुछ दर्शकों ने हंगामा और तोड़फोड़ की। हालात बिगड़ने पर पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा।
हैदराबाद में बच्चों के साथ खेला फुटबॉल, राहुल गांधी से मिले
कोलकाता से दोपहर 2 बजे रवाना होकर मेसी शाम करीब 5 बजे हैदराबाद पहुंचे। रात 8 बजे वे उप्पल स्टेडियम पहुंचे, जहां उन्होंने बच्चों और युवाओं के साथ फुटबॉल खेला।
इस दौरान उनके साथ स्टार फुटबॉलर्स रोड्रिगो डी पॉल और लुईस सुआरेज भी मौजूद रहे। मेसी ने दर्शकों की ओर फुटबॉल उछाली और फैंस का अभिवादन किया। यहीं लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने भी उनसे मुलाकात की।
कोलकाता घटना पर ममता बनर्जी ने मांगी माफी
कोलकाता में हुई अव्यवस्था के बाद पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी पड़ी। ADG लॉ एंड ऑर्डर जावेद शमीम ने बताया कि मुख्य आयोजक को गिरफ्तार कर लिया गया है और टिकट का पैसा लौटाने का आश्वासन दिया गया है।
भारतीय फुटबॉल महासंघ (AIFF) ने स्पष्ट किया कि यह आयोजन उनका आधिकारिक कार्यक्रम नहीं था।
आज मुंबई में खास मुलाकात
आज मुंबई में मेसी का कार्यक्रम खास रहने वाला है। सचिन तेंदुलकर और सुनील छेत्री के साथ उनकी मुलाकात को भारतीय खेल इतिहास का यादगार पल माना जा रहा है। इस मुलाकात के जरिए क्रिकेट और फुटबॉल—दोनों खेलों के दिग्गज एक मंच पर नजर आएंगे।
लियोनल मेसी का भारत दौरा खेल प्रेमियों के लिए ऐतिहासिक साबित हो रहा है। जहां एक ओर उनका स्वागत उत्साह और जुनून से भरा रहा, वहीं भीड़ प्रबंधन की कमी ने कुछ जगहों पर विवाद भी खड़े किए। मुंबई में सचिन तेंदुलकर से होने वाली मुलाकात इस दौरे का सबसे बड़ा आकर्षण मानी जा रही है, जो भारतीय खेल जगत के लिए एक यादगार क्षण होगा।


