नई दिल्ली: केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने रक्षा मंत्रालय में तैनात एक आर्मी अधिकारी को रिश्वतखोरी के गंभीर आरोपों में गिरफ्तार किया है। उत्पादन विभाग में पोस्टेड लेफ्टिनेंट कर्नल दीपक कुमार शर्मा पर बेंगलुरु स्थित एक प्राइवेट कंपनी से 3 लाख रुपए की रिश्वत लेने का आरोप है।
CBI की कार्रवाई में लेफ्टिनेंट कर्नल के दिल्ली स्थित आवास से कुल 2.36 करोड़ रुपए नकद बरामद किए गए हैं। इसके अलावा मामले में उनकी पत्नी कर्नल काजल बाली और एक बिचौलिये विनोद कुमार को भी आरोपी बनाया गया है।
पत्नी भी जांच के दायरे में
CBI के अनुसार, कर्नल काजल बाली वर्तमान में डिवीजन ऑर्डनेंस यूनिट (DOU), श्रीगंगानगर (राजस्थान) में कमांडिंग ऑफिसर के पद पर तैनात हैं। तलाशी के दौरान श्रीगंगानगर स्थित उनके आवास से 10 लाख रुपए नकद बरामद किए गए हैं।
CBI ने दोनों पति-पत्नी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है।
CBI ने कैसे पकड़ा रिश्वत का खेल
CBI को 19 दिसंबर को सूचना मिली थी कि एक बेंगलुरु की कंपनी रक्षा मंत्रालय के अधिकारियों को रिश्वत देकर अवैध लाभ हासिल कर रही है। जांच में सामने आया कि कंपनी से जुड़े राजीव यादव और रवजीत सिंह लगातार लेफ्टिनेंट कर्नल शर्मा के संपर्क में थे।
जांच एजेंसी के अनुसार, यह कंपनी दुबई बेस्ड है, जिसका भारत में संचालन राजीव यादव और रवजीत सिंह संभाल रहे थे। इन लोगों ने विभिन्न सरकारी विभागों और मंत्रालयों से अनुचित लाभ लेने के लिए कथित तौर पर रिश्वत का नेटवर्क तैयार किया था।
रिश्वत की डील और गिरफ्तारी
CBI का दावा है कि बिचौलिया विनोद कुमार ने 18 दिसंबर को कंपनी के निर्देश पर लेफ्टिनेंट कर्नल शर्मा को 3 लाख रुपए की रिश्वत सौंपी। इसके बाद CBI ने जाल बिछाकर आरोपी को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।
तलाशी में भारी नकदी और दस्तावेज बरामद
सूचना के आधार पर CBI ने दिल्ली, श्रीगंगानगर, बेंगलुरु और जम्मू सहित कई ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की।
दिल्ली स्थित लेफ्टिनेंट कर्नल के आवास से:
- 3 लाख रुपए (रिश्वत की राशि)
- 2.23 करोड़ रुपए अतिरिक्त नकद
- कई आपत्तिजनक दस्तावेज और सामग्री
बरामद की गई।
कोर्ट ने 3 दिन की CBI कस्टडी में भेजा
गिरफ्तार किए गए लेफ्टिनेंट कर्नल दीपक कुमार शर्मा और बिचौलिया विनोद कुमार को 20 दिसंबर को अदालत में पेश किया गया। कोर्ट ने दोनों को 23 दिसंबर तक CBI की हिरासत में भेज दिया है। इस दौरान CBI उनसे पूछताछ कर पूरे नेटवर्क की जांच करेगी।
रक्षा मंत्रालय से जुड़े इस बड़े भ्रष्टाचार मामले ने सुरक्षा से जुड़े संवेदनशील विभागों में रिश्वतखोरी पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। CBI की जांच से आने वाले दिनों में इस पूरे नेटवर्क और इसमें शामिल अन्य लोगों के नाम सामने आने की संभावना है।


