बक्शी का तालाब | प्रसिद्ध समाजवादी चिंतक, स्वतंत्रता संग्राम सेनानी और देश के पूर्व केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री लोकबंधु राज नारायण की 39वीं पुण्यतिथि चंद्रभानु गुप्त कृषि महाविद्यालय परिसर स्थित लोकबंधु राज नारायण छात्रावास में श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई।
इस अवसर पर महाविद्यालय के अध्यक्ष डॉ. फिदा हुसैन अंसारी और प्रबंधक डॉ. टी.पी. सिंह ने लोकबंधु राज नारायण की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया।
लोकबंधु के विचार आज भी प्रासंगिक: डॉ. फिदा हुसैन
महाविद्यालय के अध्यक्ष डॉ. फिदा हुसैन अंसारी ने अपने संबोधन में कहा कि लोकबंधु राज नारायण एक सच्चे समाजवादी चिंतक थे। उन्होंने नई पीढ़ी से आह्वान किया कि लोकबंधु के विचारों और संदेशों को जन-जन तक पहुंचाना आज की सबसे बड़ी आवश्यकता है।
उन्होंने कहा कि राज नारायण का संपूर्ण जीवन सामाजिक न्याय, लोकतंत्र और जनसेवा के लिए समर्पित रहा, जिससे आज के युवाओं को प्रेरणा लेनी चाहिए।
1968 से जुड़ी यादें साझा कीं: डॉ. टी.पी. सिंह
महाविद्यालय के प्रबंधक डॉ. टी.पी. सिंह ने बताया कि उन्होंने वर्ष 1968 में राज नारायण के साथ जनसेवक के रूप में कार्य किया था। उन्होंने कहा कि लोकबंधु समाजवादी विचारधारा के प्रखर और निर्भीक नेता थे, जो सत्ता के खिलाफ सच बोलने का साहस रखते थे।
इमरजेंसी के विरोध की ऐतिहासिक भूमिका
लोकबंधु राज नारायण छात्रावास के अधीक्षक डॉ. सत्येंद्र कुमार सिंह ने कहा कि राज नारायण के प्रयासों के कारण ही तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी को इमरजेंसी लगानी पड़ी। उन्होंने वर्ष 1977 के लोकसभा चुनाव में रायबरेली सीट से इंदिरा गांधी को पराजित कर देश के राजनीतिक इतिहास में नया अध्याय लिखा।
उन्होंने बताया कि इस दौरान बाबू भगवती सिंह ने भी रायबरेली में रहकर चुनाव प्रचार किया था और इमरजेंसी के समय वे राज नारायण के साथ जेल में रहे।
छात्रावास निर्माण में लोकबंधु की भूमिका
डॉ. सत्येंद्र कुमार सिंह ने बताया कि लोकबंधु राज नारायण के बाबू भगवती सिंह से घनिष्ठ संबंध थे, जिनके प्रयासों से कृषि महाविद्यालय परिसर में लोकबंधु राज नारायण छात्रावास का निर्माण हुआ। वर्तमान में इस छात्रावास में 200 से अधिक विद्यार्थी आवासीय छात्र के रूप में अध्ययनरत हैं।
कार्यक्रम में ये रहे मौजूद
पुण्यतिथि कार्यक्रम में महाविद्यालय के शोध अधिकारी प्रो. गजेंद्र सिंह, प्राचार्य डॉ. योगेंद्र कुमार सिंह, कुलानुशासक डॉ. सुधीर कुमार रघुवंशी, डॉ. हृदय नारायण तिवारी, प्रशासनिक अधिकारी शिवमंगल चौरसिया सहित महाविद्यालय के सभी शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
लोकबंधु राज नारायण की पुण्यतिथि पर आयोजित यह कार्यक्रम उनके संघर्ष, सिद्धांतों और समाजवादी विचारधारा को याद करने का अवसर बना। वक्ताओं ने एक स्वर में कहा कि लोकतंत्र, सामाजिक न्याय और जनहित के लिए उनका संघर्ष आज भी प्रासंगिक है और नई पीढ़ी को उनके विचारों से प्रेरणा लेकर आगे बढ़ना चाहिए।




