प्रयागराज: इलाहाबाद हाईकोर्ट ने पत्नी के भरण-पोषण को लेकर महत्वपूर्ण फैसला सुनाया है। कोर्ट ने कहा कि भरण-पोषण राशि पति की आय का लगभग 25 प्रतिशत तक हो सकती है। कोर्ट ने फैमिली कोर्ट द्वारा पत्नी के पक्ष में भरण-पोषण राशि में की गई वृद्धि को सही ठहराते हुए पति की याचिका को खारिज कर दिया।
कोर्ट ने स्पष्ट किया कि याचिकाकर्ता पति सुरेश चंद्र ने किसी शारीरिक अक्षमता का दावा नहीं किया है। इसलिए कोर्ट का मानना है कि वह एक स्वस्थ व्यक्ति हैं और अपनी पत्नी का पालन-पोषण करने के कानूनी और नैतिक कर्तव्य से पीछे नहीं हट सकते।
यह आदेश जस्टिस मदन पाल सिंह ने दिया।
क्या है पूरा मामला?
सुरेश चंद्र ने 26 जुलाई 2024 को फैमिली कोर्ट, शाहजहांपुर के एडिशनल प्रिंसिपल जज द्वारा पारित CRPC धारा 127 के आदेश को रद्द करने के लिए इलाहाबाद हाईकोर्ट में दिसंबर 2024 में याचिका दायर की थी।
- ट्रायल कोर्ट ने सुरेश चंद्र को अपनी पत्नी को भत्ते के रूप में हर महीने 500 रुपए से बढ़ाकर 3,000 रुपए देने का आदेश दिया।
- सुरेश चंद्र ने इस फैसले को चुनौती दी। उनके वकील ने बताया कि 9 सितंबर 2003 को ट्रायल कोर्ट ने CRPC धारा 125 के तहत पत्नी के आवेदन को मंज़ूर करते हुए हर महीने 500 रुपए का भरण-पोषण भत्ता निर्धारित किया था।
- इसके बाद, 6 जून 2015 को पत्नी ने CRPC धारा 127 के तहत आवेदन दायर किया, जिसे मंज़ूर कर कोर्ट ने मेंटेनेंस राशि बढ़ाकर 3,000 रुपए कर दी।
कोर्ट की टिप्पणी
- कोर्ट ने कहा कि पति का यह कानूनी और नैतिक कर्तव्य है कि वह अपनी पत्नी का पालन-पोषण करे।
- पति के स्वास्थ्य और आय की स्थिति को देखते हुए, भरण-पोषण राशि पति की कुल आय का लगभग 25 प्रतिशत तय की जा सकती है।
- कोर्ट ने यह भी कहा कि पति की याचिका में कोई वैध कारण नहीं था जो उसे इस दायित्व से मुक्ति दिला सके।
इलाहाबाद हाईकोर्ट का यह फैसला यह स्पष्ट करता है कि पति अपनी पत्नी का पालन-पोषण करने के कर्तव्य से बच नहीं सकता, और भरण-पोषण राशि को पति की आय के अनुपात में तय किया जा सकता है। यह मामला उन परिवारों के लिए मार्गदर्शक है जहां भरण-पोषण राशि तय करने में विवाद हो।


