त्रिनिदाद और टोबैगो में पीएम मोदी का ऐतिहासिक स्वागत: ‘अपनी मिट्टी छोड़ी, लेकिन संस्कार नहीं’
26 साल बाद किसी भारतीय प्रधानमंत्री का दौरा; भारतीय मूल के लोगों से संवाद, रामायण और नमक से जोड़ा भावनात्मक रिश्ता

प्रधानमंत्री: नरेंद्र मोदी 26 साल बाद त्रिनिदाद और टोबैगो की यात्रा पर पहुंचे, जहां पोर्ट ऑफ स्पेन एयरपोर्ट पर उनका भव्य स्वागत हुआ। कैरेबियन द्वीपीय देश की प्रधानमंत्री कमला प्रसाद बिसेसर, उनके कैबिनेट मंत्रियों और सांसदों ने हवाईअड्डे पर स्वागत कर इस ऐतिहासिक पल को गरिमामय बना दिया।
सोहारी पत्ते पर भोजन, संस्कृति से जुड़ा सम्मान
प्रधानमंत्री मोदी ने ट्वीट कर बताया कि प्रधानमंत्री कमला बिसेसर द्वारा आयोजित रात्रिभोज में उन्हें सोहारी पत्ते पर भोजन परोसा गया। यह पारंपरिक पत्ता वहां भारतीय त्योहारों और सांस्कृतिक आयोजनों में उपयोग किया जाता है। पीएम ने इसे सांस्कृतिक जुड़ाव और सम्मान का प्रतीक बताया।
अयोध्या, सरयू और कुंभ का उपहार
रात्रिभोज के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने अयोध्या में राम मंदिर की प्रतिकृति, सरयू नदी का जल और प्रयागराज के महाकुंभ का पवित्र जल मेजबानों को भेंट किया। यह भारत और त्रिनिदाद एंड टोबैगो के बीच आध्यात्मिक और सांस्कृतिक रिश्तों का प्रतीक बताया गया।
‘उन्होंने मिट्टी छोड़ी, पर नमक नहीं छोड़ा’ – भावनात्मक संबोधन
भारतीय समुदाय को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा:
“आपके पूर्वजों ने जब भारत छोड़ा था, उन्होंने गंगा-यमुना पीछे छोड़ी, लेकिन रामायण अपने दिल में ले गए। उन्होंने अपनी मिट्टी छोड़ी, लेकिन अपना नमक नहीं छोड़ा। वे केवल प्रवासी नहीं, बल्कि शाश्वत सभ्यता के दूत थे।”
उन्होंने यह भी कहा कि त्रिनिदाद और टोबैगो में नवरात्रि, महाशिवरात्रि, जन्माष्टमी, चौताल, भिटक गण आज भी पूरे जोश और गर्व से मनाए जाते हैं।
‘भारत अवसरों की भूमि है’ – युवाओं को संदेश
पीएम मोदी ने भारतीय मूल के युवाओं को संबोधित करते हुए कहा:
“आज का भारत अवसरों की भूमि है। युवा पीढ़ी की आंखों में जो चमक है, वह दर्शाती है कि हम एक नया भारत बना रहे हैं। हमारी दोस्ती अब पीढ़ियों और भूगोल से परे जाकर मजबूत हुई है।”
26 साल बाद भारतीय प्रधानमंत्री की ऐतिहासिक यात्रा
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने बताया कि यह यात्रा ऐतिहासिक है क्योंकि 1999 के बाद पहली बार कोई भारतीय प्रधानमंत्री त्रिनिदाद एंड टोबैगो की यात्रा पर आए हैं।
यह देश 13 लाख की आबादी वाला है, जिसमें 45% लोग भारतीय मूल के हैं – खासकर उत्तर प्रदेश और बिहार के जिलों जैसे छपरा, आरा, बलिया, गोपालगंज, बनारस और आजमगढ़ से आए लोगों की संताने यहां बसी हुई हैं।
कांग्रेस की टिप्पणी और इतिहास की याद
पीएम मोदी की यात्रा के बीच कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने इंदिरा गांधी की 1968 की यात्रा की याद दिलाई। उन्होंने उस ऐतिहासिक यात्रा की फिल्म साझा करते हुए लिखा:
“त्रिनिदाद एंड टोबैगो भारत के लिए केवल प्रवासी संबंधों का प्रतीक नहीं, बल्कि संस्कृति, साहित्य और क्रिकेट जैसे क्षेत्रों में भी योगदान देने वाली भूमि है।”
स्थानीय भारतीय मूल नागरिकों में उत्साह
कमला बद्री, एक स्थानीय भारतीय मूल महिला ने कहा:
“पीएम मोदी के स्वागत और कार्यक्रम में आकर बहुत गर्व महसूस हो रहा है।”
इसी तरह एड्रियन, एक प्रवासी सदस्य ने कहा:
“हम अपने द्वीप पर भारतीय प्रधानमंत्री का स्वागत कर बहुत उत्साहित हैं। यह हमारे लिए ऐतिहासिक पल है।”