नेपाल सीमा पर योगी सरकार का जोरदार अभियान: सैकड़ों अवैध कब्जे हटाए, मदरसों पर भी कड़ी कार्रवाई
नेपाल सीमा पर योगी सरकार का बड़ा एक्शन: सैकड़ों अवैध कब्जे ढहे, मदरसों और धार्मिक संरचनाओं पर भी चली कार्रवाई

लखनऊ : उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार ने नेपाल सीमा से सटे जिलों में अवैध कब्जों और बिना मान्यता संचालित धार्मिक संस्थानों के खिलाफ बड़ा एक्शन शुरू किया है। 25 से 27 अप्रैल के बीच चले विशेष अभियान में सैकड़ों अवैध निर्माणों को ध्वस्त किया गया और सरकारी भूमि को मुक्त कराया गया। सरकार ने स्पष्ट कर दिया है कि सरहद के समीप अवैध कब्जा या अवैध संस्थान बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे।
बहराइच: 89 अवैध कब्जेदारों पर कार्रवाई
जनपद बहराइच के नानपारा तहसील क्षेत्र में भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा के 0-10 किलोमीटर दायरे में 227 अवैध अतिक्रमण चिन्हित किए गए थे। इनमें से पहले से हटाए गए 63 अतिक्रमणों के अतिरिक्त, हालिया अभियान में 26 और कब्जे हटवाए गए। अब तक कुल 89 अवैध कब्जेदारों से सरकारी जमीन खाली कराई जा चुकी है। राहत की बात यह रही कि किसी भी कब्जे वाली जगह पर धार्मिक या शैक्षणिक संरचना नहीं मिली।
श्रावस्ती: 17 अवैध मदरसे बंद, 119 कब्जे हटे
श्रावस्ती जिले में भी बड़ी कार्रवाई देखने को मिली। बिना वैध कागजात संचालित 17 मदरसों को बंद किया गया, जिनमें तहसील जमुनहा के 7 और भिनगा के 10 मदरसे शामिल हैं। साथ ही सीमा क्षेत्र के 0-15 किलोमीटर दायरे में 119 स्थाई और अस्थाई कब्जों को हटाने की कार्रवाई राजस्व संहिता की धारा 67 के तहत जारी है।
सिद्धार्थनगर और महाराजगंज: धार्मिक निर्माणों पर भी कार्रवाई
सिद्धार्थनगर के नौगढ़ तहसील क्षेत्र में मस्जिद और मदरसे सहित 5 अवैध धार्मिक संरचनाओं का पता चला है, जिन पर उच्चाधिकारियों के निर्देश पर कार्रवाई चल रही है। वहीं शोहरतगढ़ तहसील में भी 6 अवैध निर्माण चिन्हित हुए हैं।
महराजगंज के फरेंदा, नौतनवा और निचलौल तहसीलों में क्रमशः 3, 10 और 6 अवैध निर्माण मिले हैं। न्यायालय में लंबित एक मामले को छोड़कर बाकी पर धारा 67 (1) के तहत बेदखली की कार्रवाई तेज़ी से की जा रही है।
बलरामपुर: दो कब्जेदारों ने स्वयं हटाया कब्जा
बलरामपुर जिले में कुल 7 अवैध कब्जे चिन्हित हुए हैं। इनमें से दो कब्जेदारों ने खुद ही कब्जा हटा लिया जबकि शेष मामलों में बेदखली की कार्रवाई जारी है।
लखीमपुर खीरी: अवैध मस्जिद निर्माण रोका गया
लखीमपुर खीरी जिले में कृष्णा नगर कॉलोनी, तहसील पलिया में अवैध रूप से नमाज अदा की जा रही थी और मस्जिद बनाने की योजना थी। प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस निर्माण को हटा दिया। जिले में अन्य स्थानों पर भी अवैध निर्माण चिन्हित किए जा रहे हैं।
योगी सरकार का स्पष्ट संदेश
योगी सरकार ने प्रशासन को सख्त निर्देश दिए हैं कि सीमा क्षेत्र में किसी भी अवैध गतिविधि को सहन नहीं किया जाएगा। नियमित मॉनिटरिंग के साथ सभी अवैध कब्जों और बिना अनुमति संचालित धार्मिक तथा शैक्षणिक संस्थानों को हटाने की कार्रवाई जारी रहेगी।