NSS Special Camp : नवयुग कन्या महाविद्यालय की राष्ट्रीय सेवा योजना के सात दिवसीय विशेष शिविर के दूसरे दिन का सफल आयोजन ऐशबाग स्थित रामलीला मैदान में किया गया। प्राचार्या प्रोफेसर मंजुला उपाध्याय के कुशल मार्गदर्शन में आयोजित आज के कार्यक्रम का मुख्य केंद्र ‘अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस’ रहा।
शिविर के प्रथम सत्र का शुभारंभ लक्ष्य गीत के साथ हुआ तदुपरांत ‘महिलाओं को सशक्त बनाने में योग की उपयोगिता’ विषय पर कार्यशाला आयोजित की गई। प्रयाग आरोग्यं केंद्र के योगाचार्य श्री प्रशांत शुक्ला एवं योग प्रशिक्षक सुश्री श्वेता गुप्ता ने छात्राओं को विभिन्न आसनों का अभ्यास कराया। उन्होंने कहा कि “स्वस्थ महिला ही स्वस्थ समाज का आधार है” और सर्वांगीण विकास के लिए शारीरिक व मानसिक स्वास्थ्य अनिवार्य है।
महिला सशक्तिकरण में योग की भूमिका पर कार्यशाला
इसी सत्र में महिला सशक्तिकरण पर आयोजित व्याख्यान में इलाहाबाद उच्च न्यायालय की वरिष्ठ अधिवक्ता श्रीमती प्रयागमती गुप्ता ने वैदिक काल की विदुषी गार्गी-मैत्रेयी से लेकर आधुनिक भारत की सावित्री बाई फुले और निर्मला सीतारमण तक के योगदान की चर्चा की। उन्होंने छात्राओं को डोमेस्टिक वॉयलेंस एक्ट, दहेज निवारण और कार्यस्थल पर सुरक्षा जैसे कानूनों की बारीकियों से अवगत कराया।
महिलाओं के विधिक अधिकारों की जानकारी
इसी क्रम में अधिवक्ता श्री अमित शर्मा ने महिलाओं के विधिक अधिकार विषय पर अपने व्याख्यान में विधिक अधिकारों पर प्रकाश डालते हुए बताया कि एक महिला के अधिकार उसके जन्म से पूर्व ही शुरू हो जाते हैं। उन्होंने पॉस्को (POCSO) एक्ट, समान कार्य-समान वेतन और हिंदू उत्तराधिकार अधिनियम जैसे महत्वपूर्ण कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी।
कैंसर: कारण और बचाव पर स्वास्थ्य जागरूकता व्याख्यान
भोजनावकाश के बाद द्वितीय सत्र में के.जी.एम.यू. के डॉक्टर राजीव मिश्रा ने ‘कैंसर: कारण और बचाव’ पर विशेष व्याख्यान दिया। उन्होंने छात्राओं को ’40-40-40 SOP प्रोटोकॉल’ और हेल्दी लाइफस्टाइल अपनाने की सलाह दी। उन्होंने मोटे अनाज (मिलेट्स), मौसमी फल और पर्याप्त पानी के सेवन पर जोर देते हुए प्रोसेस्ड फूड और प्लास्टिक के उपयोग से बचने की चेतावनी दी। दिन के अंतिम चरण में पिडीलाइट संस्था की श्रीमती मंजू प्रकाश ने ‘बेस्ट आउट ऑफ वेस्ट’ कार्यशाला का संचालन किया। इसमें छात्राओं ने मोल्ड क्ले के माध्यम से अनुपयोगी वस्तुओं से सुंदर सजावटी सामान बनाना सीखा और अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। शिविर का समापन वंदे मातरम गायन के साथ हुआ। शिविर में राष्ट्रीय सेवा योजना की चारों इकाइयों की कार्यक्रम अधिकारी डॉ. श्वेता उपाध्याय धर, डॉ. मनीषा बड़ौनियां, डॉ. चंदन मौर्या एवं सुश्री दीक्षा तथा स्वयं सेविकाएं उपस्थिति रहीं।


