फिरोजाबाद (उत्तर प्रदेश): उत्तर प्रदेश के टूंडला में गुरुवार देर रात एक बड़ा हादसा हो गया, जब दिल्ली-हावड़ा रेलवे लाइन पर निर्माणाधीन रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) का एक हिस्सा अचानक ढह गया। हादसे के दौरान वहां काम कर रहे कई मजदूर मलबे में दब गए। अब तक पांच मजदूरों को घायल अवस्था में रेस्क्यू कर अस्पताल भेजा गया है, जबकि अन्य की तलाश देर रात तक जारी रही।
यह ओवरब्रिज रेलवे रेस्ट कैंप कॉलोनी से लाइनपार अहाता शोभाराम तक बनाया जा रहा था। हादसा रात करीब 9 बजे हुआ, जब स्लैब को पिलर पर डाले हुए कुछ ही घंटे हुए थे। शुरुआती जांच में शटरिंग (सपोर्टिंग फ्रेम) में गड़बड़ी को हादसे का संभावित कारण बताया जा रहा है।
ठेकेदार फरार, जांच शुरू
घटना के तुरंत बाद निर्माण कार्य का ठेकेदार मौके से फरार हो गया। प्रशासन और रेलवे अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू कार्य शुरू कराया। देर रात तक डीएम रमेश रंजन, एसएसपी सौरभ दीक्षित और रेलवे इंजीनियरिंग टीम घटनास्थल पर मौजूद रहे।
16 मजदूर थे मौके पर
साइट चौकीदार सतेंद्र के मुताबिक, हादसे के वक्त कुल 16 मजदूर काम कर रहे थे। उनमें से पांच को घायल अवस्था में निकालकर अस्पताल भेजा गया, जबकि बाकी की तलाश में रातभर जेसीबी मशीनों से मलबा हटाने का कार्य चलता रहा। अंधेरा होने के कारण रेस्क्यू टीम को शुरुआती घंटों में काफी कठिनाई हुई।
धमाके से दहशत, लोग घरों से बाहर निकले
पुल का स्लैब गिरते ही तेज धमाका हुआ, जिसकी आवाज काफी दूर तक सुनाई दी। हादसे से रेलवे कॉलोनी के आसपास दहशत फैल गई। कंपन और शोर सुनकर लोग अपने घरों से बाहर निकल आए। बाद में जब वे मौके पर पहुंचे तो मलबे का मंजर देखकर हैरान रह गए।
मुख्य मार्ग बाधित, यातायात डायवर्ट
पुल गिरने से टूंडला शहर और लाइनपार क्षेत्र को जोड़ने वाला मुख्य मार्ग पूरी तरह बाधित हो गया है। प्रशासन ने दीपा चौराहे से रूट डायवर्ट कर वाहनों और पैदल यात्रियों को अंडरपास मार्ग से भेजने की व्यवस्था की है।
महत्वपूर्ण था यह ओवरब्रिज
यह ओवरब्रिज आगरा और फिरोजाबाद जिलों को जोड़ने वाला एक महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट था। इसके तैयार होने के बाद लाइनपार क्षेत्र के 50 से अधिक गांव और आगरा के फतेहाबाद कस्बा मुख्य शहर से सीधे जुड़ जाते। यह परियोजना लाखों लोगों के लिए राहत लाने वाली थी।
प्रशासन की प्रतिक्रिया
डीएम रमेश रंजन ने बताया कि,
“निर्माणाधीन ओवरब्रिज का हिस्सा गिरा है। रेस्क्यू कार्य जारी है। घायल मजदूरों को अस्पताल भेजा गया है। जनहानि की पुष्टि अभी नहीं की जा सकती। हादसे के कारणों की जांच रेलवे और प्रशासनिक टीमें कर रही हैं।”


