लखनऊ: में 17 वर्षीय दलित छात्रा से हुए गैंगरेप मामले में पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए एक आरोपी का हाफ एनकाउंटर किया, जबकि दूसरे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। एनकाउंटर में घायल आरोपी की पहचान ललित कश्यप के रूप में हुई है, जिसे पुलिस की जवाबी फायरिंग में पैर में गोली लगी। वहीं, दूसरा आरोपी मिराज को पुलिस की दूसरी टीम ने शाम को धर दबोचा।
डीसीपी साउथ निपुण अग्रवाल ने बताया कि गैंगरेप में कुल पांच आरोपी नामजद हैं। इनमें से दो गिरफ्तार किए जा चुके हैं और तीन की तलाश में पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
कैसे हुआ एनकाउंटर
शनिवार देर शाम बंथरा इलाके में पुलिस ने बाइक पर सवार दो संदिग्ध युवकों को रोकने की कोशिश की। रुकने के बजाय उन्होंने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में एक युवक के पैर में गोली लगी, जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा। उसके साथी ने मौके से भागने की कोशिश की और वह अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।
पुलिस ने घायल युवक को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसकी पहचान गैंगरेप केस में वांछित आरोपी ललित कश्यप के रूप में हुई।
घटना की पृष्ठभूमि: छात्रा से पांच युवकों ने किया गैंगरेप
बंथरा क्षेत्र की रहने वाली 11वीं की छात्रा, जो दलित समाज से है, शनिवार दोपहर अपनी बहन से मिलने के लिए घर से निकली थी। बहन की हाल ही में डिलीवरी हुई थी। रास्ते में उसने अपने एक परिचित युवक को बुलाया और दोनों बाइक से हरौनी पेट्रोल पंप के पास एक आम के बाग में पहुंच गए।
वहीं पर पांच अज्ञात युवक पहुंचे और उन्हें धमकाने लगे। जब छात्रा के परिचित ने विरोध किया, तो युवकों ने उसकी पिटाई कर भगा दिया और छात्रा को दबोच लिया। आरोप है कि पांचों ने बारी-बारी से उसके साथ रेप किया और किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी।
घटना के बाद पीड़िता ने अपने बहनोई को फोन कर सूचना दी, जिन्होंने उसे तुरंत हरौनी चौकी पहुंचाया। पुलिस ने मेडिकल कराकर मुकदमा दर्ज किया।
नामजद आरोपी और जांच की स्थिति
पीड़िता के पिता ने छोटू, बाबू, ललित और विशाल नाम के युवकों के खिलाफ तहरीर दी थी। पुलिस जांच में पाया गया कि आरोपी राजेंद्र कश्यप उर्फ बाबू, विशाल गुप्ता, मिराज, ललित और शिव कश्यप हैं।
सूत्रों के मुताबिक, ये सभी आरोपी नशे की हालत में थे और गांव के ही रहने वाले हैं।
घटनास्थल के पास एक शराब ठेका भी है, जहां से उन्होंने नशे का सामान लिया था। पुलिस ने वहां से फोरेंसिक साक्ष्य जुटाए और डॉग स्क्वाड ने भी जांच की।
पुलिस की कार्रवाई
घटना के तुरंत बाद एडीसीपी दक्षिणी रल्लापल्ली वसंत कुमार, थाना प्रभारी बंथरा और अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे।
डीसीपी निपुण अग्रवाल ने बताया —
“दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि अन्य की तलाश के लिए टीमें गठित की गई हैं। जल्द ही शेष आरोपी भी गिरफ्त में होंगे।”
उन्होंने यह भी बताया कि पुलिस पीड़िता की सुरक्षा और काउंसलिंग का पूरा ध्यान रख रही है।


