नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी की ऑटोबायोग्राफी ‘I Am Georgia – My Roots, My Principles’ के इंडियन एडिशन के लिए प्रस्तावना लिखी है। यह किताब रूपा पब्लिकेशंस द्वारा जल्द ही भारत में लॉन्च की जाएगी।
मोदी ने मेलोनी को एक ‘देशभक्त और बेहतरीन समकालीन नेता’ बताते हुए उनकी निजी और राजनीतिक यात्रा को भारतीय पाठकों के लिए प्रेरणादायक बताया। मोदी ने इस किताब को मेलोनी की ‘मन की बात’ जैसा करार दिया। उन्होंने लिखा कि उनके लिए यह बहुत बड़ा सम्मान है और यह काम उन्होंने मेलोनी के प्रति सम्मान, प्रशंसा और दोस्ती की भावना के साथ किया है।
प्रस्तावना में मोदी ने साझा किए अनुभव
प्रधानमंत्री मोदी ने अपने 11 साल के कार्यकाल में दुनिया के कई नेताओं से जुड़ी अपनी व्यक्तिगत अनुभवों को साझा किया। उन्होंने कहा कि मेलोनी का जीवन स्थिरता और जड़ों से जुड़े रहने के महत्व को दर्शाता है। उन्होंने लिखा:
“किसी की सांस्कृतिक विरासत की रक्षा करते हुए दुनिया के साथ समान स्तर पर बातचीत करना हमारे मूल्यों से मेल खाता है।”
मेलोनी भी कई बार मोदी को अपना अच्छा दोस्त बता चुकी हैं।
किताब का अंतरराष्ट्रीय सफर
मेलोनी की आत्मकथा पहली बार 2021 में इटली में Rizzoli पब्लिशिंग द्वारा ‘Io Sono Giorgia’ के नाम से प्रकाशित हुई थी। प्रकाशन के पहले साल में ही यह किताब 1,50,000 कॉपी बिक चुकी थी और यह देश में टॉप सेलर बनी।
अंग्रेजी संस्करण 17 जून 2025 को लॉन्च हुआ, जिसकी प्रस्तावना अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के बेटे डोनाल्ड ट्रम्प जूनियर ने लिखी थी। इसके अलावा यह किताब फ्रेंच, स्पैनिश, जर्मन और पुर्तगाली में भी उपलब्ध है और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेस्टसेलर बन चुकी है।
मेलोनी की निजी और राजनीतिक यात्रा
किताब में मेलोनी ने अपने बचपन, परिवार, और राजनीतिक जीवन का बखान किया है:
-
उनका पालन-पोषण मां अन्ना ने बहन अरियाना के साथ अकेले किया।
-
पिता ने जब वह दो साल की थीं, परिवार को छोड़ दिया और बाद में नशीली दवाओं के कारोबार में शामिल पाए गए।
-
बचपन में एक खिलौने के घर में मोमबत्ती जलाने से आग लग गई और उनका घर जलकर राख हो गया।
-
लगभग 15 साल की उम्र में उन्होंने MSI पार्टी के स्टूडेंट विंग से राजनीति में कदम रखा।
-
2012 में उन्होंने फ्राटेली डी’इटालिया पार्टी की स्थापना की, जो आज इटली की सत्ताधारी पार्टी है।
-
इस किताब में उन्होंने अपने निजी संघर्ष, मंत्रालयी पद, राजनीतिक नेतृत्व और इटली की पीएम बनने तक की यात्रा साझा की है।
मेलोनी अपनी बेटी और पूर्व पति एंड्रिया गियाम्ब्रुनो के साथ भी चर्चा करती हैं, दोनों 2023 में अलग हो गए थे।
इस किताब की प्रस्तावना लिखकर प्रधानमंत्री मोदी ने अंतरराष्ट्रीय राजनीतिक नेतृत्व और जीवन मूल्यों पर एक प्रेरणादायक दृष्टिकोण प्रस्तुत किया है, जो भारतीय पाठकों के लिए सीख और प्रेरणा का स्रोत बनेगी।


