Lucknow News : भारतीय सेना के शौर्य, पराक्रम एवं बलिदान के प्रतीक विजय दिवस के अवसर पर आज नवयुग कन्या महाविद्यालय, राजेंद्र नगर, लखनऊ की 19 उत्तर प्रदेश गर्ल्स बटालियन एनसीसी विंग द्वारा एक गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम महाविद्यालय की प्राचार्य प्रोफेसर मंजुला उपाध्याय के मार्गदर्शन तथा एनसीसी अधिकारी मेजर (डॉ.) मनमीत कौर सोढ़ी के संयोजन में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम में 1971 के भारत–पाकिस्तान युद्ध में भारत की ऐतिहासिक विजय की 54वीं वर्षगांठ के अवसर पर उन वीर भारतीय सैनिकों के सर्वोच्च बलिदान को श्रद्धापूर्वक स्मरण किया गया, जिन्होंने राष्ट्र की रक्षा हेतु अपने प्राण न्यौछावर कर दिए।
इस अवसर पर कैडेट्स को अवगत कराया गया कि विजय दिवस भारत की सैन्य शक्ति, अदम्य साहस और उत्कृष्ट रणनीतिक क्षमता का प्रतीक है। वर्ष 1971 में भारत ने न केवल पाकिस्तान को करारा जवाब दिया, बल्कि ऐसा निर्णायक प्रहार किया कि विश्व का भू-राजनीतिक मानचित्र ही परिवर्तित हो गया।
कार्यक्रम में सीनियर अंडर ऑफिसर अंजलि बाजपेई, अंडर ऑफिसर बुशरा हामिद, दीप्ति, सार्जेंट प्रिया सिंह कुशवाहा, प्रीति कुमारी, आस्था त्रिपाठी सहित अनेक एनसीसी कैडेट्स उपस्थित रहीं।


