गाजियाबाद। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गुरुवार को गाजियाबाद के महत्वपूर्ण दौरे पर रहेंगे। यहां वे दिल्ली–मेरठ रोड स्थित बसंतपुर सैंथली के श्री तरुण सागरम पारसनाथ अतिशय तीर्थ धाम में नव-निर्मित गुफा मंदिर का लोकार्पण करेंगे। इसके बाद वे गौतमबुद्धनगर जिले में जाकर जेवर में बन रहे नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के निर्माण कार्य का निरीक्षण करेंगे। प्रशासन ने पूरे कार्यक्रम को लेकर सुरक्षा और व्यवस्थाओं को कड़े तौर पर लागू कर दिया है।
गुफा मंदिर का करेंगे लोकार्पण
मुख्यमंत्री योगी का पहला कार्यक्रम गाजियाबाद के बसंतपुर सैंथली स्थित श्री तरुण सागरम पारसनाथ अतिशय तीर्थ धाम में निर्धारित है।
यहां आयोजित होने वाले कार्यक्रम के लिए पुलिस कमिश्नर जे. रविन्द्र गौड़, जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मांदड़, एनएसजी टीम और अन्य प्रशासनिक अधिकारी बुधवार को ही स्थल का बारीकी से निरीक्षण कर चुके हैं।
मुख्य विशेषताएं :
-
गुफा मंदिर का निर्माण केवल 100 दिनों में पूरा किया गया है।
-
मंदिर में दो मूर्तियां स्थापित की गई हैं।
-
तरुण सागर महाराज के जीवन, विचार और उपलब्धियों को भी प्रदर्शित किया गया है।
-
पंच दिवसीय भगवान जन्म कल्याणक समारोह (26–30 नवंबर) के दौरान इसका लोकार्पण भव्य रूप से होगा।
-
सीएम योगी और 108 प्रसन्नसागर महाराज कार्यक्रम की शोभा बढ़ाएंगे।
कार्यक्रम स्थल पर आईटीएस डेंटल कॉलेज परिसर में मुख्यमंत्री के हेलीकॉप्टर के लिए हेलीपैड तैयार किया गया है। उनके आगमन से 10 मिनट पहले दिल्ली–मेरठ मार्ग पर वाहनों का आवागमन रोक दिया जाएगा।
जेवर एयरपोर्ट के निर्माण कार्य की लेंगे समीक्षा
गुफा मंदिर के लोकार्पण के बाद मुख्यमंत्री योगी गौतमबुद्धनगर के जेवर पहुंचेंगे।
वे दोपहर 12:45 बजे हिंडन एयरपोर्ट से हेलीकॉप्टर के जरिए नोएडा एयरपोर्ट स्थल पर उतरेंगे।
एयरपोर्ट निरीक्षण का कार्यक्रम :
-
टर्मिनल भवन पर चल रहे निर्माण कार्य का निरीक्षण
-
मौजूद अधिकारियों संग समीक्षा बैठक
-
कार्य की प्रगति पर दिशा-निर्देश प्रदान करना
बुधवार को एनआईए, यमुना प्राधिकरण, जिला प्रशासन और पुलिस विभाग के अधिकारी पूरे दिन तैयारियों में जुटे रहे।
मुख्यमंत्री इससे पहले 25 अक्टूबर को भी एयरपोर्ट का जायजा ले चुके हैं, जहां उन्होंने कार्य की रफ्तार तेज करने के निर्देश दिए थे।
नोएडा में निजी अस्पताल का लोकार्पण
जेवर एयरपोर्ट का निरीक्षण पूरा होने के बाद मुख्यमंत्री योगी दोपहर 2:50 बजे नोएडा के सेक्टर-50 पहुंचेगे।
यहां वे एक निजी अस्पताल का लोकार्पण करेंगे। इसके बाद वे दिल्ली रवाना होंगे।
पीएम की प्रस्तावित रैली स्थल का भी होगा निरीक्षण
सीएम योगी जेवर एयरपोर्ट पर टर्मिनल भवन के सामने बनने वाले प्रधानमंत्री की संभावित रैली स्थल को भी देखेंगे।
यहां मैदान की मिट्टी को समतल कर दिया गया है और उद्घाटन की तिथि तय होने के बाद मंच निर्माण शुरू कर दिया जाएगा।


