in , ,

नवयुग कन्या महाविद्यालय की कम्युनिटी सर्विस प्रमोशन कमेटी ने राजकीय महिला शरणालय में आयोजित किया विशेष सेवा एवं सहयोग कार्यक्रम

नवयुग कन्या महाविद्यालय की कम्युनिटी सर्विस प्रमोशन कमेटी द्वारा राजकीय महिला शरणालय, प्राग नारायण रोड, लखनऊ में एक विशेष सेवा एवं सहयोग कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह शरणालय 18 वर्ष से अधिक आयु की बालिकाओं एवं युवतियों के लिए संचालित है। कार्यक्रम का उद्देश्य शरणालय में निवासरत युवतियों के साथ खुशियाँ साझा करना तथा उनमें अपनत्व, आत्मविश्वास और सकारात्मकता का संचार करना था। इस अवसर पर युवतियों के लिए विभिन्न मनोरंजक एवं रचनात्मक कार्यक्रमों का आयोजन भी किया गया। महाविद्यालय की शिक्षिकाओं एवं छात्राओं ने युवतियों के साथ गीत-संगीत के माध्यम से आत्मीय समय बिताया तथा उनके अनुभवों को भी सुना। छात्राओं ने उनसे संवाद स्थापित किया और उनके जीवन के अनुभवों को जानने का अवसर प्राप्त किया।

कम्युनिटी सर्विस प्रमोशन कमेटी

हस्तशिल्प का अवलोकन एवं उपहार वितरण

इस दौरान शरणालय की केयरटेकर श्रीमती आरती ने पूरे परिसर का भ्रमण कराया तथा वहाँ की व्यवस्थाओं एवं गतिविधियों से परिचित कराया। साथ ही, शरणालय में निवासरत युवतियों द्वारा निर्मित सुंदर हस्तशिल्प एवं कलात्मक वस्तुओं का भी अवलोकन कराया गया, जो उनकी रचनात्मकता, कौशल और प्रतिभा का परिचायक थीं। कमेटी द्वारा इस अवसर पर युवतियों को पर्स वितरित किए गए, जिनमें दैनिक उपयोग एवं व्यक्तिगत देखभाल की आवश्यक वस्तुएँ जैसे कोल्ड क्रीम, बॉडी लोशन, नहाने का साबुन, शैम्पू, लिप बाम, कंघी, छोटा शीशा, हेयर ऑयल, हेयर बैंड आदि रखे गए थे। साथ ही, शरणालय में निवासरत युवतियों के बच्चों के लिए खिलौने भी भेंट किए गए, जिससे उनके चेहरों पर प्रसन्नता छलक उठी।

शिक्षा का वास्तविक उद्देश्य केवल पुस्तकीय ज्ञान अर्जित करना नहीं  : प्रो. मंजुला उपाध्याय

प्रस्थान से पूर्व महाविद्यालय की प्राचार्या प्रो. मंजुला उपाध्याय ने अपने प्रेरणादायी संदेश में व्यक्त किया कि शिक्षा का वास्तविक उद्देश्य केवल पुस्तकीय ज्ञान अर्जित करना नहीं, अपितु समाज के प्रति संवेदनशीलता और सेवा का भाव विकसित करना है। उन्होंने कहा कि समाज के वंचित एवं जरूरतमंद वर्गों के साथ खुशियाँ साझा करना हमारा नैतिक दायित्व है और ऐसे सहयोगात्मक प्रयास किसी के भी जीवन में सकारात्मकता और अपनत्व का भाव जगा सकते हैं। प्राचार्या ने कम्युनिटी सर्विस प्रमोशन कमेटी के सभी सदस्यों तथा सहयोग प्रदान करने वाली शिक्षिकाओं के प्रयासों की सराहना करते हुए भविष्य में भी इस प्रकार के मानवीय कार्यों को निरंतर जारी रखने का आह्वान किया। कार्यक्रम के सफल आयोजन एवं शरणालय के भ्रमण में कम्युनिटी सर्विस प्रमोशन कमेटी की सदस्यों प्रो. शर्मिता नंदी, प्रो. संगीता कोतवाल एवं प्रो. सीमा सरकार तथा महाविद्यालय की बी.ए. प्रथम सेमेस्टर की छात्राओं स्वाति मिश्रा, मुस्कान मिश्रा, खुशी, नंदिनी एवं नैना कश्यप, बी.ए. द्वितीय वर्ष की निधि बाजपेयी तथा बी.एससी. द्वितीय वर्ष की मुस्कान साहू ने उत्साहपूर्वक सक्रिय सहभागिता की।

इस पुनीत कार्य में कमेटी के अन्य सदस्यों प्रो. सुषमा त्रिवेदी, डॉ. मेघना यादव के साथ ही महाविद्यालय की अन्य प्रवक्ताओं प्रो. संगीता शुक्ला, प्रो. अम्बिका बाजपेयी, प्रो. विनीता सिंह, प्रो. नीतू सिंह, डॉ. आभा दुबे, श्रीमती नीलम एवं डॉ. रीमा छाबड़ा आदि ने भी अपना सराहनीय योगदान दिया।इस आयोजन के माध्यम से महाविद्यालय परिवार ने सामाजिक उत्तरदायित्व, मानवीय संवेदना, पारस्परिक सहयोग और सामुदायिक सेवा के उच्च मूल्यों को अत्यंत सार्थक रूप से अभिव्यक्त किया। कमेटी द्वारा इस मानवीय पहल को सफल बनाने में प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से सहयोग देने वाले समस्त महाविद्यालय परिवार के प्रति आभार व्यक्त किया।

News Desk

Written by News Desk

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

दिव्यांग बुजुर्ग की फरियाद पर हरकत में आया पुलिस महकमा, डीआईजी ने खुद संभाली पैरवी की कमान

5 साल बाद लौट रहे हैं टीटू मामा, लेकिन इस बार 11 करोड़ का नुकसान पड़ेगा भारी! ‘ढिंढोरा 2’ की रिलीज डेट हुई फाइनल