बिहार: के दरभंगा में सोमवार को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भाजपा के समर्थन में 10 किलोमीटर लंबा भव्य रोड शो किया। पूरा शहर भगवा रंग में रंगा नजर आया। सड़क के दोनों ओर भीड़ “जय श्रीराम, भारत माता की जय” और “बुलडोजर बाबा जिंदाबाद” के नारे लगा रही थी।
रोड शो के दौरान योगी हाथ में माइक लेकर लगातार जनता से संवाद करते रहे। उन्होंने पूरे जोश के साथ लगभग 260 बार “जय श्रीराम” और 70 बार “मां जानकी” का जयकारा लगाया।
बुलेट पर पहुंची युवती बोली— योगी हमारे हीरो हैं
रोड शो के दौरान सबसे आकर्षक दृश्य उस समय देखने को मिला जब एक युवती भगवा परिधान में बुलेट बाइक पर सवार होकर पहुंची। हाथ में भाजपा का झंडा और चेहरे पर गर्व का भाव लिए वह “योगी-मोदी जिंदाबाद” के नारे लगा रही थी।
उस युवती आस्था शेखर ने मीडिया से कहा— “योगी जी हमारे हीरो हैं, हम दिल से उनका समर्थन करते हैं।”
महिलाओं ने उतारी आरती, बुलडोजर से बरसे फूल
जगह-जगह सड़कों और छतों से महिलाएं योगी की आरती उतारती रहीं। कुछ जगहों पर बुलडोजर से फूलों की बारिश की गई। पूरे रोड शो के दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम थे।
योगी के रोड शो में एनडीए कार्यकर्ता, महिला समर्थक, युवा और आम नागरिक बड़ी संख्या में मौजूद रहे। उनके स्वागत में रास्ते पर फूलों की माला, भगवा झंडे और नारेबाजी से माहौल उत्सव जैसा था।
योगी बोले— NDA मतलब विकास, NDA मतलब तरक्की
जनता को संबोधित करते हुए योगी आदित्यनाथ ने कहा—
“चुनाव में NDA की सरकार बनवाइए। NDA मतलब विकास, NDA मतलब तरक्की। इस बार पहले से ज्यादा बहुमत से सरकार बननी चाहिए।”
उन्होंने जनता की भारी भीड़ देखकर धन्यवाद भी दिया।
अखिलेश पर बिना नाम लिए साधा निशाना
योगी ने बाद में मोहिउद्दीननगर, लखीसराय और बैकुंठपुर में जनसभाएं कीं। उन्होंने सपा प्रमुख अखिलेश यादव का नाम लिए बिना कहा—
“उत्तर प्रदेश के एक नेता माफिया को गले लगाकर कहते हैं कि वह मजबूत आदमी है। भगवान ने उन्हें यही श्राप दिया है कि वे जिंदगी भर माफियाओं की कब्र पर फातिहा पढ़ते रहेंगे और जनता उन्हें ठुकराती रहेगी।”
उन्होंने कहा कि सपा, आरजेडी और कांग्रेस ने हमेशा गुंडों और माफियाओं को संरक्षण दिया है।
“छठ मइया के पर्व पर भी कांग्रेस सवाल खड़े करती है। गुलामी की पहचान मिटाने के लिए ही हमने फैजाबाद का नाम अयोध्या और इलाहाबाद का नाम प्रयागराज किया है।”
रामभक्तों पर गोली चलाने वाली सपा पर हमला
योगी ने कहा—
“सपा ने रामभक्तों पर गोली चलाकर अयोध्या की धरती को लहूलुहान किया था। आज एनडीए सरकार में अयोध्या में भव्य मंदिर बन चुका है और सीतामढ़ी में मां जानकी का मंदिर तैयार हो रहा है। अयोध्या और सीतामढ़ी को सीधे जोड़ा जा रहा है— ये काम कांग्रेस या आरजेडी कभी नहीं कर सकती थी।”


