जयपुर। गुलाबी नगरी जयपुर में शनिवार की रात फैशन और सौंदर्य का भव्य संगम देखने को मिला। विश्व प्रसिद्ध सौंदर्य प्रतियोगिता मिस टीन यूनिवर्स 2025 का फाइनल शानदार अंदाज में संपन्न हुआ। इस वैश्विक प्रतियोगिता में वेनेजुएला की अमीरा मोरेनो ने 22 देशों की प्रतिभागियों को पीछे छोड़ते हुए विजेता का ताज अपने नाम किया।
फिलीपींस की कियारा गोट्सचाल्क फर्स्ट रनरअप रहीं, जबकि अमेरिका की सबरीना फ्रक्ट्स को सेकेंड रनरअप का ताज मिला।
भारत ने पहली बार इस स्तर की प्रतियोगिता की मेजबानी की, जिससे देश को ग्लोबल फैशन और ब्यूटी इंडस्ट्री में एक नई पहचान मिली।
स्विम शूट से लेकर प्रश्नोत्तर राउंड तक – दिखा आत्मविश्वास और बुद्धिमत्ता
प्रतियोगिता का आरंभ स्विम शूट राउंड से हुआ, जहां प्रतिभागियों ने आत्मविश्वास और ग्रेस का बेहतरीन प्रदर्शन किया।
इसके बाद क्वेश्चन-आंसर राउंड में प्रतिभागियों ने अपनी बुद्धिमत्ता, दृष्टिकोण और व्यक्तित्व से निर्णायकों का दिल जीत लिया।
सभी चरणों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए अमीरा मोरेनो ने निर्णायकों और दर्शकों दोनों का दिल जीत लिया।
अमीरा बोलीं – “भारत की संस्कृति और व्यंजन अद्भुत हैं”
विजेता अमीरा मोरेनो ने अपनी खुशी जाहिर करते हुए कहा,
“भारत की संस्कृति, परिधान और व्यंजन बेहद खास हैं। यहाँ आकर मुझे आत्मीयता और अपनापन महसूस हुआ। मैं जहां भी जाऊंगी, लोगों को भारत आने की सलाह दूंगी।”
22 देशों की सुंदरियों ने बिखेरा जलवा
इस प्रतियोगिता में जर्मनी, भारत, बहामास, चिली, कोलंबिया, क्यूबा, नीदरलैंड, फिलीपींस, अमेरिका, वेनेजुएला, नेपाल और इंग्लैंड सहित 22 देशों की मॉडल्स शामिल हुईं।
भारत की ओर से करीसा बोपन्ना ने प्रतिनिधित्व किया और फाइनल तक शानदार प्रदर्शन किया।
भारत की फैशन इंडस्ट्री को मिला नया मंच
मिस टीन यूनिवर्स इंडिया के ऑनर निखिल आनंद ने कहा—
“आज पूरा विश्व भारत की ओर देख रहा है। भारत फैशन और ब्यूटी इंडस्ट्री का उभरता हुआ केंद्र बन रहा है। हमारा अगला लक्ष्य ‘मिस यूनिवर्स’ का आयोजन भारत में करवाना है।”
इवेंट मैनेजमेंट हेड सर्वेश कश्यप ने बताया कि इस साल की प्रतियोगिता ऐतिहासिक रही और इसमें देश-विदेश से आई प्रतिभागियों ने भारत की संस्कृति, कला और परिधानों की सराहना की।
जयपुर पर टिकी दुनिया की नजर
जयपुर ने एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी छाप छोड़ी।
शहर की मेजबानी, आतिथ्य और सांस्कृतिक रंगों ने प्रतियोगिता को यादगार बना दिया।
देश-विदेश के नामचीन डिजाइनर्स, फैशन फोटोग्राफर्स और मीडिया हस्तियों ने इसमें शिरकत की।


