मुर्शिदाबाद। पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले के बेलडांगा में बाबरी मस्जिद जैसी मस्जिद के निर्माण को लेकर एक बार फिर विवाद गहरा गया है। 6 दिसंबर को टीएमसी से निलंबित विधायक हुमायूं कबीर द्वारा मस्जिद की आधारशिला रखे जाने के बाद अब चंदे से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है, जिसने राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में हलचल मचा दी है।
बताया जा रहा है कि बाबरी मस्जिद विध्वंस की 33वीं बरसी पर आयोजित इस कार्यक्रम में भारी मात्रा में चंदा जमा हुआ। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में कुछ लोग बड़ी संख्या में नोटों की गिनती करते हुए दिखाई दे रहे हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, मौके पर 11 पेटी नकद चंदा एकत्र हुआ, जिसे गिनने के लिए करीब 30 लोगों और नोट गिनने की मशीन की मदद लेनी पड़ी। इसके अलावा करीब ₹93 लाख की राशि ऑनलाइन माध्यम से प्राप्त होने का भी दावा किया जा रहा है।
इससे पहले, 6 दिसंबर को बेलडांगा में कड़ी सुरक्षा के बीच हुमायूं कबीर ने मौलवियों के साथ मंच पर फीता काटकर मस्जिद की आधारशिला रखी थी। कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में लोग ईंटें लेकर पहुंचे थे और कई लोगों ने सिर पर ईंट रखकर निर्माण में भागीदारी जताई थी।
हुमायूं कबीर ने हाल ही में एक और बड़ा ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि फरवरी महीने में एक लाख लोगों से सामूहिक कुरान पाठ कराया जाएगा और इसके बाद ही मस्जिद का वास्तविक निर्माण शुरू किया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि वह जल्द ही अपनी नई राजनीतिक पार्टी बनाएंगे और मुस्लिम हितों के लिए काम करेंगे। उन्होंने 135 सीटों पर चुनाव लड़ने की घोषणा की है और AIMIM प्रमुख ओवैसी की पार्टी से संभावित गठबंधन के संकेत दिए हैं।
पूरे मामले की समयरेखा देखें तो 28 नवंबर को बेलडांगा इलाके में बाबरी मस्जिद शिलान्यास को लेकर पोस्टर लगाए गए थे, जिससे विवाद शुरू हुआ। 3 दिसंबर को टीएमसी ने इस आयोजन से खुद को अलग कर लिया था। 4 दिसंबर को पार्टी ने हुमायूं कबीर को निलंबित कर दिया। बावजूद इसके, उन्होंने अपने बयान से पीछे हटने से इनकार किया और नई पार्टी बनाने की घोषणा कर दी।
हुमायूं कबीर के पुराने बयानों ने भी मामले को और संवेदनशील बना दिया है। पूर्व में उन्होंने ऐसे बयान दिए थे, जिन्हें भड़काऊ माना गया और जिन पर चुनाव आयोग ने भी उन्हें नोटिस जारी किया था।
इस पूरे घटनाक्रम ने बंगाल की राजनीति में एक नया तनाव पैदा कर दिया है। प्रशासनिक स्तर पर फिलहाल चंदे की रकम, उसके स्रोत और वैधता को लेकर चर्चा चल रही है। हालांकि अब तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है कि वास्तव में कितनी राशि जुटाई गई है।
मुर्शिदाबाद के बेलडांगा में मस्जिद शिलान्यास और चंदे से जुड़े दावों ने धार्मिक और राजनीतिक दोनों स्तरों पर नई बहस छेड़ दी है। जहां समर्थक इसे धार्मिक आस्था से जोड़कर देख रहे हैं, वहीं आलोचक इसे चुनावी राजनीति और सांप्रदायिक ध्रुवीकरण की से जुड़ी गतिविधि मान रहे हैं। आने वाले दिनों में यह मामला बंगाल की राजनीति में और गर्माने की संभावना है।


