in ,

बांग्लादेश में एक और हिंदू की मौत: पेट्रोल डालकर जलाए गए दुकानदार खोकन चंद्र दास ने इलाज के दौरान तोड़ा दम

शरियतपुर जिले में दिल दहला देने वाली घटना, नए साल की पूर्व संध्या पर हमला; परिवार ने निष्पक्ष जांच और सख्त कार्रवाई की मांग की

ढाका/शरियतपुर: बांग्लादेश में अल्पसंख्यक हिंदू समुदाय के खिलाफ हिंसा थमने का नाम नहीं ले रही है। शरियतपुर जिले में पेट्रोल डालकर जिंदा जलाए गए हिंदू दुकानदार खोकन चंद्र दास की शनिवार सुबह इलाज के दौरान मौत हो गई। वे ढाका के नेशनल बर्न एंड प्लास्टिक सर्जरी इंस्टीट्यूट में भर्ती थे।

डॉक्टरों के अनुसार, खोकन दास के शरीर का लगभग 30 प्रतिशत हिस्सा झुलस गया था, जबकि चेहरे और श्वसन तंत्र को गंभीर नुकसान पहुंचा था। अस्पताल के प्रोफेसर डॉ. शौन बिन रहमान ने बताया कि शनिवार सुबह करीब 7:20 बजे उन्होंने अंतिम सांस ली।

कैसे हुआ हमला?

स्थानीय अखबार प्रथम आलो की रिपोर्ट के मुताबिक, यह दिल दहला देने वाली घटना 31 दिसंबर की रात करीब 9:30 बजे दामुदिया उपजिला के कोनेश्वर यूनियन स्थित केउरभांगा बाजार के पास हुई।

खोकन चंद्र दास बाजार में एक मेडिकल स्टोर चलाते थे। दुकान बंद कर घर लौटते समय बदमाशों ने उन्हें रास्ते में रोक लिया। पहले धारदार हथियारों से हमला किया, फिर उन पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी।

आग की लपटों से बचने के लिए खोकन दास पास के एक तालाब में कूद गए। उनकी चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, तब तक हमलावर फरार हो चुके थे। गंभीर हालत में उन्हें पहले शरियतपुर सदर अस्पताल और फिर ढाका रेफर किया गया।

परिवार का दर्द और इंसाफ की मांग

खोकन दास की मौत के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। उनकी पत्नी सीमा दास, गोद में छोटे बच्चे को लेकर फूट-फूटकर रोती नजर आईं।

उन्होंने कहा,
“मेरे पति रोज की तरह दुकान बंद कर घर लौट रहे थे। उन्होंने किसी का कोई नुकसान नहीं किया था। उन्होंने हमलावरों में से दो लोगों को पहचान लिया था, इसी वजह से बदमाशों ने उन्हें मारने की नीयत से जिंदा जला दिया।”

सीमा दास ने बताया कि परिवार की किसी से कोई दुश्मनी या विवाद नहीं था। इसके बावजूद इस तरह की क्रूर घटना क्यों हुई, यह उनकी समझ से बाहर है।

परिवार और रिश्तेदारों ने मामले की निष्पक्ष जांच और सभी दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है। खोकन दास के रिश्तेदार प्रांतो दास ने कहा कि आरोपियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाना चाहिए।

पुलिस का क्या कहना है?

दामुदिया थाने के प्रभारी मोहम्मद रबिउल हक ने बताया कि पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों रब्बी और सोहाग की पहचान कर ली है। दोनों स्थानीय निवासी बताए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है और अन्य संभावित हमलावरों की भी तलाश जारी है।

खोकन चंद्र दास की हत्या एक बार फिर बांग्लादेश में अल्पसंख्यक हिंदू समुदाय की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े करती है। लगातार हो रही हिंसक घटनाएं न केवल मानवाधिकारों का उल्लंघन हैं, बल्कि सामाजिक सौहार्द के लिए भी खतरा हैं। पीड़ित परिवार को न्याय और दोषियों को सख्त सजा देना अब प्रशासन की सबसे बड़ी जिम्मेदारी बन गई है।

News Desk

Written by News Desk

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

पवित्र पिपरहवा अवशेषों की अंतरराष्ट्रीय प्रदर्शनी का शुभारंभ, पीएम मोदी बोले- भगवान बुद्ध सबके हैं, सबको जोड़ते हैं

अमेरिका का वेनेजुएला पर बड़ा हमला: राजधानी काराकस समेत 4 शहरों में बमबारी, इमरजेंसी घोषित