महाराजगंज (उत्तर प्रदेश) | अरविंद शर्मा
पॉडकास्ट: पर सीमा आनंद के हालिया इंटरव्यू के बाद सोशल मीडिया पर जिस तरह की हलचल देखने को मिली, वह हमारे समाज की मानसिकता, दोहरे मानदंड और सतही नैतिकता को उजागर करती है। सीमा आनंद ने अपने इंटरव्यू में यह बताया कि हाल ही में उन्हें 15 वर्ष के एक लड़के ने प्रपोज किया। इस कथन को लेकर जितना शोर मचाया गया, उतना शायद किसी गंभीर सामाजिक मुद्दे पर भी नहीं मचता। सवाल यह है कि क्या उन्होंने कोई असामान्य या असंभव बात कही है, या फिर समाज सच सुनने से असहज हो उठा है?
सीमा आनंद 63 वर्ष की हैं,यह तथ्य सब जानते हैं। साथ ही यह भी एक सच्चाई है कि वे देखने में सुंदर, आकर्षक और आत्मविश्वास से भरपूर हैं। ईश्वर ने उन्हें फुर्सत में तराशा है, इसमें कोई अतिशयोक्ति नहीं। सुंदरता के प्रति आकर्षण मनुष्य की मूल प्रवृत्ति है। चाहे वह स्त्री हो, प्रकृति हो, झील-झरना हो या कोई कलाकृति,सुंदरता की ओर मन का झुकना स्वाभाविक है। इसमें नैतिकता का प्रश्न तब तक नहीं उठता, जब तक सीमाएँ और जिम्मेदारियाँ स्पष्ट हों।

सोशल मीडिया पर कुछ लोग यह कह रहे हैं कि कुछ महिलाएँ सीमा आनंद से “जल” रही हैं, क्योंकि 63 की उम्र में भी पुरुष उन्हें पसंद कर रहे हैं। लेकिन वास्तविकता इससे कहीं अधिक जटिल और कड़वी है। सच यह है कि पुरुष को अक्सर वही स्त्री अच्छी लगती है, जिसकी जिम्मेदारी उसके कंधों पर नहीं होती। जिस महिला से कोई सामाजिक, पारिवारिक या नैतिक दायित्व जुड़ा हो,चाहे वह पत्नी हो, मां हो या बहन,वह आकर्षण के दायरे से बाहर कर दी जाती है और जिम्मेदारी के खांचे में डाल दी जाती है। वहाँ सौंदर्य नहीं, कर्तव्य दिखाई देता है।
इसके उलट, जिस स्त्री से कोई जिम्मेदारी नहीं जुड़ी होती, वह पुरुष को अधिक आकर्षक लगती है। उससे बात करने, मिलने, प्रभावित होने की इच्छा होती है। यह कोई नई मनोवैज्ञानिक खोज नहीं है, बल्कि सदियों पुराना व्यवहारिक सत्य है, जिसे समाज स्वीकार तो करता है, लेकिन खुले तौर पर मानने से कतराता है।
जहाँ तक कम उम्र के लड़कों द्वारा अधिक उम्र की महिलाओं में दिलचस्पी दिखाने की बात है, तो यह भी आज के समय में कोई असामान्य घटना नहीं रह गई है। सोशल मीडिया, फिल्मों, वेब सीरीज़ और खुले विचारों ने इस प्रवृत्ति को और स्पष्ट कर दिया है। यह समाज का कड़वा सच है। हो सकता है किसी को यह बात बुरी लगे, लेकिन सच्चाई अक्सर असहज ही होती है।
अंततः प्रश्न यह नहीं है कि सीमा आनंद ने क्या कहा, बल्कि यह है कि हम उसे सुनकर इतना विचलित क्यों हो गए। क्या इसलिए कि यह हमारे बनाए हुए नैतिक आवरण को खुरच देता है? क्या इसलिए कि यह हमारे पाखंड को आईना दिखाता है? सोशल मीडिया पर इसे इतना बढ़ा-चढ़ाकर पेश करने और बवाल मचाने की आवश्यकता शायद इसलिए पड़ी, क्योंकि सच हमेशा शोर मचाता है,खासकर तब, जब वह हमारी सुविधाजनक चुप्पी को तोड़ देता है।


