नई दिल्ली। केंद्र सरकार ने मणिपुर से राष्ट्रपति शासन तत्काल प्रभाव से हटा लिया है। केंद्रीय गृह मंत्रालय ने बुधवार को इस संबंध में एक अधिसूचना जारी की। इसके साथ ही राज्य में नई सरकार के गठन का रास्ता साफ हो गया है। भाजपा के नेतृत्व वाली एनडीए सरकार के मुखिया के रूप में युमनाम खेमचंद सिंह आज मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे।
शपथ ग्रहण समारोह आज शाम 6 बजे लोक भवन में आयोजित किया जाएगा। इससे पहले युमनाम खेमचंद सिंह ने राज्यपाल अजय भल्ला से मुलाकात कर सरकार बनाने का औपचारिक दावा पेश किया।
राष्ट्रपति की अधिसूचना में क्या कहा गया
केंद्रीय गृह मंत्रालय की ओर से जारी अधिसूचना में कहा गया है कि—
“संविधान के अनुच्छेद 356 के खंड (2) द्वारा प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए, मैं, द्रौपदी मुर्मू, भारत की राष्ट्रपति, मणिपुर राज्य के संबंध में उक्त अनुच्छेद के तहत 13 फरवरी 2025 को जारी की गई उद्घोषणा को 4 फरवरी 2026 से निरस्त करती हूं।”
इस अधिसूचना के साथ ही मणिपुर में राष्ट्रपति शासन औपचारिक रूप से समाप्त हो गया।
युमनाम खेमचंद सिंह बने विधायक दल के नेता
इससे पहले मंगलवार को भाजपा विधायक दल की बैठक आयोजित हुई थी, जिसमें युमनाम खेमचंद सिंह को सर्वसम्मति से विधायक दल का नेता चुना गया। इसके बाद उन्होंने राज्यपाल से मुलाकात कर एनडीए सरकार गठन का दावा पेश किया।
अब वे राज्य के नए मुख्यमंत्री के रूप में प्रशासन की कमान संभालेंगे।
क्यों लगाया गया था राष्ट्रपति शासन
गौरतलब है कि 13 फरवरी 2025 को मणिपुर में राष्ट्रपति शासन लगाया गया था। यह फैसला तत्कालीन मुख्यमंत्री एन. बीरेन सिंह के इस्तीफे के बाद लिया गया था।
उस समय मणिपुर राज्य लंबे समय से जातीय हिंसा, कानून-व्यवस्था की बिगड़ती स्थिति और संवैधानिक संकट से गुजर रहा था। हालात को नियंत्रित करने और प्रशासनिक स्थिरता बनाए रखने के लिए केंद्र सरकार ने राष्ट्रपति शासन लागू किया था।
नई सरकार से उम्मीदें
राष्ट्रपति शासन हटने और नई सरकार के गठन के बाद मणिपुर में राजनीतिक स्थिरता लौटने की उम्मीद की जा रही है। राज्य में शांति बहाली, कानून-व्यवस्था सुधार और विकास कार्यों को गति देने की बड़ी चुनौती नई सरकार के सामने होगी।
मणिपुर से राष्ट्रपति शासन हटाए जाने के साथ ही राज्य में लोकतांत्रिक प्रक्रिया बहाल हो गई है। युमनाम खेमचंद सिंह के नेतृत्व में बनने वाली नई सरकार से राज्य को स्थिरता और विकास की दिशा में आगे बढ़ाने की उम्मीद की जा रही है। आने वाले दिनों में नई सरकार के फैसले मणिपुर की राजनीति और प्रशासन की दिशा तय करेंगे।


