नई दिल्ली। संसद का मानसून सत्र अपने चरम पर है और सोमवार से लोकसभा में शुरू हुई ऑपरेशन सिंदूर पर चर्चा ने राजनीतिक माहौल को और भी गरमा दिया है। जहां एक ओर विपक्ष लगातार सरकार पर विदेश नीति और सुरक्षा चूक को लेकर हमलावर है, वहीं आज केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह दोपहर 12 बजे से 1 बजे के बीच लोकसभा को संबोधित करेंगे और विपक्ष के आरोपों का करारा जवाब देंगे।
इसके बाद शाम को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समापन भाषण में विपक्ष को जवाब देंगे और सरकार का पक्ष मजबूती से रखेंगे।
राज्यसभा में भी शुरू होगी चर्चा
राज्यसभा में भी आज से ऑपरेशन सिंदूर और पहलगाम आतंकी हमले को लेकर चर्चा की शुरुआत होगी। चर्चा के लिए कुल 16 घंटे निर्धारित किए गए हैं, जिसमें से कांग्रेस को करीब दो घंटे का समय दिया गया है। चर्चा की शुरुआत राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खरगे करेंगे।
ट्रंप के दावों पर विपक्ष हमलावर
विपक्ष, अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के उस दावे को लेकर सरकार को घेरने की तैयारी में है, जिसमें उन्होंने कहा था कि भारत-पाकिस्तान के बीच युद्ध उन्होंने रोका। हालांकि, भारत सरकार ने पहले ही इस दावे को खारिज कर दिया है।
राहुल गांधी समेत विपक्ष का सरकार पर तीखा हमला
विपक्ष के नेता राहुल गांधी और अन्य दलों के सांसदों ने सरकार की विदेश नीति और सुरक्षा रणनीति पर सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि ऑपरेशन सिंदूर के दौरान भारत को किसी भी अंतरराष्ट्रीय सहयोग की मदद नहीं मिली और पहलगाम हमले में सुरक्षा व्यवस्था की भारी चूक हुई।
लोकसभा में अब तक क्या हुआ?
सोमवार को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने चर्चा की शुरुआत करते हुए बताया कि भारत अब पाकिस्तान को डोजियर नहीं देता, सीधे कार्रवाई करता है। उन्होंने बताया कि 22 मिनट के ऑपरेशन में 100 आतंकियों को मार गिराया गया।
विपक्ष की ओर से गौरव गोगोई ने बहस की शुरुआत की और सरकार पर तथ्यों से बचने और गोलमोल जवाब देने का आरोप लगाया।
टीएमसी के कल्याण बनर्जी ने प्रधानमंत्री पर तंज कसा, जबकि सपा के राजभर ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए।
विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने स्पष्ट रूप से कहा कि 22 अप्रैल से 17 जून तक पीएम मोदी और राष्ट्रपति ट्रंप के बीच कोई बातचीत नहीं हुई थी।
भाजपा के अनुराग ठाकुर ने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए उन्हें LOP नहीं, बल्कि “LOB” (Leader of Breaking India) करार दिया।
आज का दिन रहेगा बेहद अहम
आज संसद के दोनों सदनों में ऑपरेशन सिंदूर, विदेश नीति, और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सरकार और विपक्ष के बीच तीखी बहस देखने को मिल सकती है। अमित शाह और नरेंद्र मोदी के भाषणों से यह तय होगा कि सरकार विपक्ष के हमलों का किस तरह जवाब देती है और जनता के बीच क्या संदेश जाता है।


