लखनऊ: के इकाना स्टेडियम में आज क्रिकेट का रोमांच अपने चरम पर पहुंचने वाला है, जहां IPL 2026 का 32वां मुकाबला लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) और राजस्थान रॉयल्स (RR) के बीच खेला जाएगा। शाम 7:30 बजे शुरू होने वाले इस मुकाबले से पहले ही स्टेडियम के बाहर और अंदर फैंस का जोश देखने लायक है।
मैच को लेकर सबसे खास बात यह है कि दर्शकों में युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को देखने का जबरदस्त क्रेज है। इंदौर से आए फैंस भी खास तौर पर उनकी बल्लेबाजी देखने के लिए लखनऊ पहुंचे हैं।
इंदौर से आए हसमत अली ने बताया कि वे खासतौर पर इस मैच के लिए आए हैं। उनका कहना है कि वे वैभव की धमाकेदार पारी देखना चाहते हैं, लेकिन दिल से लखनऊ की जीत चाहते हैं। वहीं एक नन्हे फैन अभिज्ञान ने दिल छू लेने वाली बात कही—“यूपी और बिहारी भाई-भाई हैं।” यह बयान दर्शकों के बीच मौजूद उस भावनात्मक जुड़ाव को दिखाता है, जो खिलाड़ियों के जरिए राज्यों को जोड़ता है।
वैभव सूर्यवंशी पर टिकी नजरें
राजस्थान रॉयल्स के युवा ओपनर वैभव सूर्यवंशी इस सीजन शानदार फॉर्म में हैं। वे अब तक 20 छक्के लगा चुके हैं और इस लिस्ट में दूसरे नंबर पर हैं। अगर वे इस मैच में तीन और छक्के लगाते हैं, तो इस सीजन के सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाज बन सकते हैं।
उनकी आक्रामक बल्लेबाजी ने न सिर्फ RR को मजबूती दी है, बल्कि उन्हें फैंस के बीच भी खास पहचान दिलाई है। यही वजह है कि इकाना स्टेडियम में आज सबसे ज्यादा चर्चा उन्हीं की हो रही है।
ऋषभ पंत पर बढ़ा दबाव
दूसरी ओर लखनऊ सुपर जायंट्स के कप्तान ऋषभ पंत पर दबाव साफ नजर आ रहा है। टीम को अपने होम ग्राउंड पर लगातार दो मैचों में हार का सामना करना पड़ा है। ऐसे में आज का मुकाबला LSG के लिए बेहद अहम हो गया है।
फैंस को उम्मीद है कि पंत अपनी कप्तानी और बल्लेबाजी से टीम को जीत दिलाएंगे। प्रैक्टिस सेशन के दौरान पंत खिलाड़ियों के साथ रणनीति पर चर्चा करते नजर आए, जिससे साफ है कि टीम इस मुकाबले को लेकर गंभीर है।
हेड-टु-हेड में राजस्थान आगे
अगर दोनों टीमों के बीच पिछले रिकॉर्ड की बात करें, तो राजस्थान रॉयल्स का पलड़ा भारी नजर आता है। अब तक खेले गए मुकाबलों में RR ने 4 मैच जीते हैं, जबकि LSG को सिर्फ 2 जीत मिली है।
हालांकि पिछले साल खेले गए मैच में लखनऊ ने जीत दर्ज की थी, जिससे टीम को आत्मविश्वास जरूर मिला होगा।
पिच और हालात क्या कहते हैं?
इकाना स्टेडियम की पिच इस बार ब्लैक और रेड मिट्टी के मिश्रण से तैयार की गई है। आमतौर पर यहां की पिच धीमी मानी जाती है, जिससे स्पिनर्स को मदद मिलती है।
मैच से पहले पिच को ढक कर रखा गया है, ताकि नमी बनी रहे और खेल के दौरान संतुलित प्रदर्शन देखने को मिले। ऐसे में बल्लेबाजों और गेंदबाजों दोनों के लिए चुनौतीपूर्ण मुकाबला होने की संभावना है।
फैंस का जोश चरम पर
स्टेडियम के बाहर फैंस की लंबी कतारें लगी हुई हैं। कुछ फैंस अपने पसंदीदा खिलाड़ियों की जर्सी पहनकर आए हैं, तो कुछ हाथों में पोस्टर लिए नजर आए।
इंदौर से आए फारुख ने कहा कि वे वैभव सूर्यवंशी को बल्लेबाजी करते देखने के लिए आए हैं, लेकिन जीत लखनऊ की ही चाहते हैं।
यह मुकाबला सिर्फ दो टीमों के बीच नहीं, बल्कि फैंस की उम्मीदों और खिलाड़ियों के प्रदर्शन के बीच भी एक बड़ी जंग बन चुका है।


