in

धर्मेंद्र की 90वीं जयंती: दारा सिंह से कुश्ती के गुर, गिरते पेड़ को कंधे पर रोककर बचाईं कई जानें

‘गरम धरम’ से लेकर ‘लोहा’ तक: दिल से इंसान और दमदार हीरो की अनकही कहानियां

मुंबई। हिंदी सिनेमा के दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र की 90वीं बर्थ एनिवर्सरी पर उनके जीवन से जुड़े कई अनसुने किस्से सामने आए हैं। 8 दिसंबर 1935 को लुधियाना के पास नसराली गांव में जन्मे धर्मेंद्र का बचपन फगवाड़ा में बीता। उनकी मुस्कान, सादगी और जमीन से जुड़ा स्वभाव उन्हें हमेशा अनूठा बनाता रहा।

उनकी 90वीं जयंती के मौके पर पद्मश्री भजन सम्राट अनूप जलोटा, पद्मश्री बांसुरी वादक पंडित रोनू मजूमदार और एड गुरु-फिल्ममेकर प्रभाकर शुक्ल ने उनके साथ जुड़े यादगार पलों को साझा किया।


बचपन से था बॉडी बिल्डिंग का शौक

अनूप जलोटा के मुताबिक, धर्मेंद्र को बचपन से ही बॉडी बिल्डिंग का शौक था। उन्होंने हिंदी फिल्म इंडस्ट्री में फिटनेस और वर्कआउट की संस्कृति को बढ़ावा दिया। वे दिलीप कुमार से प्रेरित होकर अभिनय की दुनिया में आए थे।

अनूप जलोटा ने याद किया कि जब वह पहली बार धर्मेंद्र से मिले तो ऐसा लगा जैसे पूरा कमरा रोशनी से भर गया हो। उनका व्यक्तित्व ही ऐसा था कि सामने वाला खुद-ब-खुद प्रभावित हो जाए।


दारा सिंह से सीखे थे कुश्ती के दांव-पेंच

धर्मेंद्र नियमित रूप से पहलवान दारा सिंह के यहां कुश्ती के गुर सीखने जाया करते थे। उनकी फिल्मों में दिखाई देने वाले दमदार एक्शन सीन उसी अभ्यास का नतीजा थे।

रोनू मजूमदार के अनुसार, एक बार मुकाबले के दौरान खुशी में धर्मेंद्र ने लगभग 130 किलो वजनी दारा सिंह को खुशी-खुशी उठा लिया था, जो उनकी ताकत और ऊर्जा को दर्शाता है।


गिरते पेड़ को कंधे पर रोक नजर आए असली हीरो

फिल्म ‘लोहा’ की शूटिंग के दौरान एक सीन में पेड़ गिराने का सीन था। पेड़ ज्यादा कट जाने की वजह से सीधे क्रू मेंबर्स की ओर गिरने लगा।

उस पल धर्मेंद्र दौड़कर आगे आए और अपने कंधे पर पेड़ को रोक लिया, जिससे कई लोगों की जान बच गई। यह किस्सा आज भी फिल्म इंडस्ट्री में मिसाल के तौर पर याद किया जाता है।


ट्रक ड्राइवर से कपड़े लेकर पूरी की शूटिंग

1972 की फिल्म ‘दो चोर’ के दौरान एक दिलचस्प किस्सा सामने आया। शूटिंग के लिए ट्रक ड्राइवर की कॉस्ट्यूम होटल में ही छूट गई थी।

स्थिति को संभालते हुए धर्मेंद्र ने पास खड़े असली ट्रक ड्राइवर से कपड़े मांगे और वही पहनकर सीन शूट किया। उनकी यह सरलता और प्रोफेशनलिज्म आज भी लोगों को प्रेरित करता है।


‘गरम धरम’ रेस्टोरेंट की कहानी

पंडित रोनू मजूमदार ने बताया कि धर्मेंद्र ने ही ‘गरम धरम’ नाम के रेस्टोरेंट का आइडिया दिया था, जो आज मुर्थल की पहचान बन चुका है। धर्मेंद्र का मानना था कि ढाबे जैसा सादा और शुद्ध खाना सबसे बेहतरीन होता है।


कला के साथ-साथ इंसानियत भी थी बड़ी

फिल्ममेकर प्रभाकर शुक्ल के अनुसार, धर्मेंद्र “कैमरे को अपना दोस्त” मानते थे। 80 से अधिक उम्र में भी वे सेट पर सबसे पहले पहुंच जाते थे।

वे हर व्यक्ति से बेहद प्रेम और सम्मान से बात करते थे – चाहे वह स्पॉटबॉय हो या मेकअप आर्टिस्ट। शूटिंग के बाद भी वे धैर्य से डबिंग करते थे और परफेक्शन पर समझौता नहीं करते थे।

धर्मेंद्र सिर्फ एक सुपरस्टार ही नहीं, बल्कि दिल से इंसान थे। उनकी ताकत, संवेदनशीलता और सादगी उन्हें साधारण अभिनेता से असाधारण बनाती है। उनकी 90वीं जयंती पर ये यादें एक बार फिर साबित करती हैं कि वे आज भी करोड़ों दिलों में जिंदा हैं।

News Desk

Written by News Desk

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

कुशीनगर के चितहां गांव में 9 दिवसीय हनुमंत महायज्ञ की भव्य तैयारी, 12 फरवरी से होगा शुभारंभ

वंदे मातरम् पर लोकसभा में तीखी बहस: प्रियंका गांधी ने उठाए सवाल, बंगाल चुनाव को बताया कारण