लखनऊ। राजधानी लखनऊ के शहीद पथ पर सोमवार देर रात उस समय हड़कंप मच गया जब एक चलती कार पर बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। बताया जा रहा है कि यह हमला पुरानी रंजिश के चलते किया गया।
पीड़ित ने पूरी वारदात का वीडियो अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया है, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
🚗 चलती गाड़ी पर चली दो गोलियां
पीड़ित अमन कुमार निवासी दिवियापुर (औरैया) ने बताया कि वह अपने दोस्त के साथ डीएलएफ मायपैड के पास चाय पी रहा था। तभी पुरानी रंजिश के चलते रितिक पोखाल उर्फ भोला अपने साथियों के साथ स्विफ्ट डिज़ायर कार में वहां पहुंचा।
“वह बार-बार हमारी गाड़ी के आसपास चक्कर लगा रहा था। शक हुआ तो मैं वहां से निकल गया। तभी उसने पीछा किया और शहीद पथ पर चलती कार पर दो गोलियां चलाईं — एक गाड़ी के शीशे पर लगी और दूसरी हवा में चली गई।”
गोली लगने से कार का साइड शीशा पूरी तरह टूट गया। गनीमत रही कि कोई जख्मी नहीं हुआ।
💥 पहले भी की थी तोड़फोड़ और फायरिंग
अमन ने बताया कि आरोपी रितिक ने दीपावली के दिन भी उसके गांव हंसपुरवा (दिवियापुर) पहुंचकर घर के बाहर खड़ी कार के शीशे तोड़ दिए थे।
“जब विरोध किया तो उसने जान से मारने की धमकी दी और भागते समय भी फायरिंग की थी,” अमन ने बताया।
पीड़ित का कहना है कि रितिक पोखाल लखनऊ में गिरोह चलाता है और लोगों से अवैध वसूली करता है। उसके खिलाफ बिजनौर थाने में अपहरण समेत कई मुकदमे दर्ज हैं।
📱 फायरिंग के बाद इंस्टाग्राम पर लगाया “ट्रेलर वाला” स्टेटस
घटना के बाद आरोपी ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक स्टोरी पोस्ट की जिसमें लिखा था —
“अभी तो छोटा सा ट्रेलर था, फिल्म तो अभी बाकी है।”
इससे साफ है कि आरोपी न केवल हमले को लेकर निडर है, बल्कि सोशल मीडिया पर खुलेआम चुनौती भी दे रहा है।
पीड़ित अमन कुमार ने कहा कि उसे लगातार जान से मारने की धमकी मिल रही है और अब वह बेहद डरा हुआ है।
🚓 पुलिस के पास दी शिकायत, जांच जारी
घटना की जानकारी मिलते ही पीड़ित ने पुलिस थाने में तहरीर दी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर फुटेज और लोकेशन की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक आरोपी रितिक पोखाल पर पहले से ही कई गंभीर अपराधों के केस दर्ज हैं और वह स्थानीय गैंग से जुड़ा हुआ है।
“पीड़ित की तहरीर के आधार पर जांच चल रही है। आरोपियों के खिलाफ साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।” – पुलिस अधिकारी


