लखनऊ। छठ महापर्व के अवसर पर लखनऊ में अधिकारियों ने घाटों की व्यवस्थाओं को सुनिश्चित करने के लिए निरीक्षण किया। रविवार को डीएम विशाख जी., कमिश्नर विजय विश्वास पंत और नगर आयुक्त गौरव कुमार ने शहर के प्रमुख घाटों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की। इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने ट्रैफिक और भीड़ नियंत्रण की रणनीति पर मीटिंग की।
नगर आयुक्त को मिला कचरा
नगर आयुक्त गौरव कुमार ने मेहंदी घाट का निरीक्षण किया, जहां उन्हें घाट परिसर और आसपास के क्षेत्रों में कचरा जमा मिला। उन्होंने संबंधित अधिकारियों और सफाई निरीक्षकों को कड़ी चेतावनी देते हुए तुरंत सफाई करने के निर्देश दिए। कुकरैल बंधा छठ घाट और शहीद पथ गोमती नगर विस्तार स्थित घाटों पर सफाई और प्रकाश व्यवस्था को प्राथमिकता देने के निर्देश भी जारी किए गए।
विभागों को विशेष निर्देश
-
डीएम विशाख जी. ने सिंचाई विभाग को निर्देशित किया कि जलस्तर नियंत्रित और स्वच्छ रहे।
-
नगर आयुक्त ने घाटों तक पहुंचने वाले सभी मार्गों की सफाई और मरम्मत सुनिश्चित करने को कहा।
-
अस्थायी शौचालय, पेयजल, साइनेज और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की बात कही।
प्रकाश व्यवस्था और सुरक्षा
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी हाईमास्ट और अस्थायी लाइटें क्रियाशील रहें ताकि संध्या और प्रातः अर्घ्य के समय कोई अंधेरा न हो। एम्बुलेंस, फायर ब्रिगेड, गोताखोर और नावों की तैनाती भी पूरी कर दी गई है।
पुलिस की तैयारी
जॉइंट सीपी लखनऊ बबलू कुमार ने ट्रैफिक मैनेजमेंट और श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए निर्देश दिए। इसके साथ ही पुलिस ने घाटों पर भीड़ नियंत्रण और मार्गों की सुरक्षा के लिए रणनीति बनाई।
नगर निगम की सफाई व्यवस्था
कमिश्नर विजय विश्वास पंत ने निरीक्षण के दौरान बताया कि नगर निगम की सफाई व्यवस्था अपेक्षाकृत बेहतर है। हालांकि, घाटों पर कचरा मिलने पर सुधारात्मक कार्य तुरंत कराए गए।
नगर निगम और मेयर का निरीक्षण
लखनऊ की मेयर सुषमा खर्कवाल ने भी घाटों का निरीक्षण किया और अधिकारियों को व्यवस्थाओं को व्यवस्थित करने के निर्देश दिए।


