मोहनलालगंज (लखनऊ)। लखनऊ जिले के मोहनलालगंज तहसील क्षेत्र में किसानों के लिए धान खरीद की प्रक्रिया शनिवार से शुरू हो गई।
इस दौरान उपजिलाधिकारी (एसडीएम) पवन पटेल ने खुजौली धान क्रय केंद्र का दौरा कर सभी व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया।
किसानों को किसी तरह की असुविधा न हो
निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने केंद्र प्रभारी और मौजूद अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि धान लेकर आने वाले किसानों को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो।
उन्होंने कहा— “किसानों की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाए और खरीद प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी और सुचारु ढंग से संचालित हो।”
सरकार कर रही किसानों के हित में काम
एसडीएम पवन पटेल ने बताया कि सरकार किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य और समय पर भुगतान सुनिश्चित कराने के लिए हर संभव कदम उठा रही है।
उन्होंने कहा कि “तौल, भंडारण और भुगतान की प्रक्रिया पूरी तरह निष्पक्ष और समयबद्ध तरीके से पूरी की जाए।”
केंद्र पर की गईं पुख्ता तैयारियां
केंद्र प्रभारी ने बताया कि धान खरीद के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं।
धान की नमी जांच, तौल मशीन, भंडारण व्यवस्था और किसानों के लिए पेयजल, छाया आदि की सुविधाएं सुनिश्चित की गई हैं।
उन्होंने बताया कि किसानों के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन और टोकन व्यवस्था भी सुचारु रूप से की जा रही है।
किसानों ने जताया संतोष
केंद्र पर पहुंचे कई किसानों ने कहा कि इस बार खरीद केंद्र पर व्यवस्था पहले से बेहतर है।
उनका कहना था कि यदि इसी तरह खरीद पारदर्शी ढंग से होती रही तो किसानों को काफी राहत मिलेगी।


