भारत और बांग्लादेश: के बीच क्रिकेट और राजनीति का तनाव अब एक नए मोड़ पर पहुंच गया है। बांग्लादेश सरकार ने देश में इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के प्रसारण पर पूरी तरह से बैन लगा दिया है। यह फैसला सीधे तौर पर बांग्लादेशी तेज़ गेंदबाज़ मुस्तफिजुर रहमान को IPL से बाहर किए जाने के विवाद से जुड़ा बताया जा रहा है।
सोमवार को बांग्लादेश के सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने आधिकारिक निर्देश जारी करते हुए कहा कि भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने 26 मार्च से शुरू हो रही IPL में कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) से मुस्तफिजुर रहमान को बाहर करने का फैसला लिया, जो पूरी तरह अतार्किक और अपमानजनक है।
मंत्रालय के बयान में कहा गया कि इस निर्णय के पीछे कोई ठोस कारण सामने नहीं आया है और यह फैसला बांग्लादेश की जनता की भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाला है। इसी के चलते अगले आदेश तक IPL के सभी मैचों के प्रचार, लाइव प्रसारण और पुनः प्रसारण पर रोक लगा दी गई है।
टी-20 वर्ल्ड कप पर भी असर
IPL बैन के ठीक एक दिन पहले, रविवार 4 जनवरी को बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) ने बड़ा कदम उठाते हुए टी-20 वर्ल्ड कप के लिए भारत अपनी टीम न भेजने का ऐलान कर दिया। BCB ने इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) से अनुरोध किया है कि उसके मैच श्रीलंका में कराए जाएं। इस फैसले की जानकारी बोर्ड ने आधिकारिक मीडिया रिलीज़ के जरिए दी।
वर्तमान शेड्यूल के मुताबिक बांग्लादेश के वर्ल्ड कप मैच भारत में खेले जाने थे, लेकिन अब यह शेड्यूल बदल सकता है।
मुस्तफिजुर रहमान को क्यों हटाया गया?
3 जनवरी को कोलकाता नाइट राइडर्स ने मुस्तफिजुर रहमान को टीम से बाहर कर दिया था। उस समय बांग्लादेश में अल्पसंख्यक हिंदुओं पर हो रही हिंसा को लेकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चिंता जताई जा रही थी। रिपोर्ट्स के मुताबिक, इन हालातों के बीच KKR पर मुस्तफिजुर को हटाने का दबाव बना, जिसके बाद BCCI के निर्देश पर यह फैसला लिया गया।
बताया गया है कि बांग्लादेश में पिछले 16 दिनों में चार हिंदुओं की हत्या हुई है, जिससे मामला और संवेदनशील हो गया।
पाकिस्तान पहले ही कर चुका है बहिष्कार
टी-20 वर्ल्ड कप को लेकर यह विवाद सिर्फ बांग्लादेश तक सीमित नहीं है। पाकिस्तान पहले ही भारत में खेलने से इंकार कर चुका है और अपने सभी मैच श्रीलंका में शिफ्ट करवा चुका है। भारत-पाकिस्तान के बीच लंबे समय से चले आ रहे राजनीतिक तनाव के कारण दोनों देश एक-दूसरे की ज़मीन पर क्रिकेट नहीं खेलते।
यहां तक कि भारत-पाकिस्तान हाई-वोल्टेज मुकाबला भी श्रीलंका के कोलंबो में खेला जाएगा। अगर बांग्लादेश के मैच भी श्रीलंका शिफ्ट होते हैं, तो वह दूसरी टीम होगी जो विवादों के चलते भारत में वर्ल्ड कप नहीं खेलेगी।
मुस्तफिजुर रहमान का करियर एक नज़र में
मुस्तफिजुर रहमान बांग्लादेश के सबसे सफल तेज़ गेंदबाज़ों में गिने जाते हैं। अपनी घातक कटर गेंदों के लिए मशहूर मुस्तफिजुर ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में कई बड़े बल्लेबाज़ों को परेशान किया है और IPL सहित दुनिया की कई लीगों में खेल चुके हैं।
मुस्तफिजुर रहमान को IPL से बाहर करने का मामला अब सिर्फ एक खिलाड़ी तक सीमित नहीं रहा, बल्कि यह भारत-बांग्लादेश क्रिकेट संबंधों और अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंटों पर असर डालने वाला बड़ा विवाद बन चुका है। IPL प्रसारण बैन और टी-20 वर्ल्ड कप में भारत न भेजने जैसे फैसले आने वाले दिनों में क्रिकेट राजनीति को और गरमा सकते हैं। अब सबकी निगाहें ICC और BCCI के अगले कदम पर टिकी हैं।


