लखनऊ। उत्तर प्रदेश में कड़ाके की सर्दी और घने कोहरे ने जनजीवन पूरी तरह प्रभावित कर दिया है। मौसम विभाग ने गुरुवार के लिए प्रदेश के 20 जिलों में अत्यधिक घने कोहरे का रेड अलर्ट जारी किया है। इसके साथ ही कई जिलों में शीत दिवस की चेतावनी भी दी गई है। मौसम विभाग के अनुसार 20 दिसंबर तक प्रदेश में ठंड और कोहरे का ऐसा ही असर बने रहने की संभावना है।
कई जिलों में विजिबिलिटी शून्य के करीब
बुधवार को लखनऊ, बरेली, गोरखपुर, कुशीनगर और कानपुर में घने कोहरे के कारण दृश्यता लगभग शून्य दर्ज की गई। वहीं बहराइच, हरदोई और शाहजहांपुर जैसे जिलों में दृश्यता 30 मीटर तक सिमट गई।
प्रदेश के कई इलाकों में अधिकतम तापमान में 5 से 6 डिग्री, जबकि कुछ स्थानों पर 8 से 10 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की गई।
दिनभर चलने वाली ठंडी पछुआ हवाओं ने गलन और ठिठुरन बढ़ा दी। हालात ऐसे रहे कि लोगों को दिन में भी अलाव और हीटर का सहारा लेना पड़ा।
इन 20 जिलों में रेड अलर्ट और शीत दिवस की चेतावनी
गोरखपुर, देवरिया, संत कबीर नगर, बस्ती, कुशीनगर, महराजगंज, सिद्धार्थनगर, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, बाराबंकी, बिजनौर, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत और शाहजहांपुर।
मौसम वैज्ञानिक की राय
आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि पश्चिम और मध्य भारत के ऊपर बने प्रति-चक्रवात और ऊपरी हवा के प्रभाव से प्रदेश में घना कोहरा छाया हुआ है। निचले वायुमंडल में व्युत्क्रम परत बनने के कारण दिनभर दृश्यता कम बनी रही। उन्होंने कहा कि 20 दिसंबर तक मौसम में ज्यादा बदलाव की संभावना नहीं है।
कोहरे को लेकर सीएम योगी सख्त, अफसरों को अलर्ट रहने के निर्देश
मथुरा में यमुना एक्सप्रेसवे हादसे के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रशासन को पूरी तरह सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं।
सीएम ने कहा कि—
-
हाईवे और एक्सप्रेसवे पर पेट्रोलिंग बढ़ाई जाए
-
ब्लैक स्पॉट पर अतिरिक्त सतर्कता बरती जाए
-
क्रेन और एंबुलेंस 24 घंटे उपलब्ध रहें
-
टोल प्लाजा पर लाउडस्पीकर से कोहरे की चेतावनी दी जाए
उन्होंने निर्देश दिया कि कोई भी व्यक्ति खुले में न सोए। निराश्रितों को रैन बसेरों में हीटर, अलाव और कंबल उपलब्ध कराए जाएं। गोशालाओं में भी ठंड से बचाव के पूरे इंतजाम हों।
कोहरे में यात्रा को लेकर ट्रैवल गाइडलाइन
-
धीमी गति से वाहन चलाएं
-
फॉग लाइट और लो बीम हेडलाइट का उपयोग करें
-
सुरक्षित दूरी बनाए रखें
-
ओवरटेकिंग और बार-बार लेन बदलने से बचें
-
घने कोहरे में यात्रा से परहेज करें
राजधानी लखनऊ में 48 घंटे में 7.6 डिग्री तापमान गिरा
लखनऊ में इस सीजन का सबसे घना कोहरा देखने को मिला। बुधवार को सूरज दिनभर नजर नहीं आया। बीते 48 घंटों में अधिकतम तापमान 7.6 डिग्री सेल्सियस तक गिर चुका है।
बुधवार को अधिकतम तापमान 17 डिग्री, जो सामान्य से 6 डिग्री कम था, जबकि न्यूनतम तापमान 10 डिग्री दर्ज किया गया।
सोशल मीडिया पर AQI को लेकर भ्रम
सोशल मीडिया पर लखनऊ का AQI 400 के करीब होने की चर्चाएं रहीं, हालांकि यूपी प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अनुसार राजधानी का औसत AQI 174 दर्ज किया गया। 400 AQI की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई।
स्कूलों के समय में बदलाव, कई जिलों में अवकाश
-
लखनऊ: कक्षा 1 से 12 तक की कक्षाएं सुबह 9 बजे के बाद
-
रायबरेली व सुल्तानपुर: स्कूल समय सुबह 9:30 से दोपहर 2:30 बजे तक
-
सीतापुर: पहले ही समय बदला जा चुका
-
बरेली: कक्षा 1 से 8 तक के सभी स्कूलों में 20 दिसंबर तक अवकाश
बरेली में आदेश का उल्लंघन करने वाले स्कूलों के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। हालांकि पूर्व निर्धारित परीक्षाएं यथावत रहेंगी।
उत्तर प्रदेश में शीतलहर और घने कोहरे ने हालात गंभीर बना दिए हैं। मौसम विभाग के रेड अलर्ट और प्रशासन की सख्ती को देखते हुए आमजन को सतर्क रहने की जरूरत है। खासतौर पर बच्चों, बुजुर्गों और वाहन चालकों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। फिलहाल 20 दिसंबर तक ठंड और कोहरे से राहत मिलने के आसार नहीं हैं।


