Makar Sankranti : राजेंद्र नगर स्थित नवयुग कन्या महाविद्यालय की ‘कम्युनिटी सर्विस प्रमोशन कमेटी’ द्वारा आज मकर संक्रांति Makar Sankranti के पावन पर्व के उपलक्ष्य में परोपकार एवं सेवा की भारतीय परंपरा का अनुपालन करते हुए एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर कमेटी द्वारा महाविद्यालय के समस्त चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों को शीतलहर से बचाव हेतु कंबल वितरित किए गए।
महाविद्यालय की प्राचार्य प्रो. मंजुला उपाध्याय ने इस अवसर पर कहा कि, “हमारी संस्कृति में मकर संक्रांति पर जरूरतमंदों की सहायता करना सबसे बड़ा पुण्य माना गया है। इसी परंपरा का निर्वाह करते हुए महाविद्यालय परिवार ने अपने सहायक कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त करने के लिए यह छोटा सा प्रयास किया है।”
इस सेवा कार्य में कम्युनिटी सर्विस प्रमोशन कमेटी की टीम डॉ. गीताली रस्तोगी, प्रोफेसर शर्मिता नंदी, प्रोफेसर संगीता कोतवाल, प्रोफेसर सुषमा त्रिवेदी, प्रोफेसर रीता तिवारी, डॉ. मेघना यादव ने सक्रिय सहभागिता की। इसके साथ ही कॉलेज की समस्त शिक्षिकाएं उपस्थित रहीं कंबल वितरण के दौरान सभी कर्मचारियों के चेहरे पर संतोष की मुस्कान दिखी और उन्होंने महाविद्यालय प्रशासन एवं कमेटी के प्रति कृतज्ञता प्रकट की।


