लखनऊ: के चारबाग रेलवे स्टेशन पर छठ महापर्व को देखते हुए सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण के कड़े इंतजाम किए गए हैं। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा सुनिश्चित करने के लिए विशेष तैयारियां शुरू की हैं।
शुक्रवार को RPF इंस्पेक्टर भूपेंद्र सिंह और स्टेशन डायरेक्टर प्रशांत कुमार ने प्लेटफॉर्म नंबर-1 स्थित CCTV कंट्रोल रूम का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था और भीड़ प्रबंधन के सभी इंतजामों की बारीकी से समीक्षा की।
चारबाग स्टेशन और आसपास के क्षेत्रों में लगे CCTV कैमरों के माध्यम से लगातार निगरानी रखी जा रही है। इससे किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई की जा सकेगी। CCTV कंट्रोल रूम से 24 घंटे हर गतिविधि पर नजर रखी जा रही है।
अतिरिक्त संसाधन और सुरक्षा उपाय:
-
छठ पूजा के दौरान यात्रियों की भारी भीड़ को देखते हुए अतिरिक्त वायरलेस सेट और लाउडहेलर लगाए गए हैं।
-
प्लेटफॉर्म पर RPF और रेलवे स्टाफ की अतिरिक्त ड्यूटी लगाई गई।
-
भीड़ नियंत्रण और यात्रियों की आवाजाही पर पेट्रोलिंग बढ़ाई गई।
अफसरों का बयान:
स्टेशन डायरेक्टर प्रशांत कुमार ने कहा कि रेलवे, RPF और GRP मिलकर यह सुनिश्चित कर रहे हैं कि यात्रियों को सुरक्षित और सुगम यात्रा अनुभव मिले। उन्होंने बताया कि त्योहारों के मौसम में ट्रेनों और यात्री दबाव दोनों बढ़ जाते हैं, इसलिए सुरक्षा और सुविधा दोनों मोर्चों पर रेलवे पूरी तरह सतर्क है।
RPF इंस्पेक्टर भूपेंद्र सिंह ने कहा कि CCTV निगरानी के जरिए संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधियों पर तुरंत कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने यात्रियों से अपील की कि वे किसी भी संदिग्ध वस्तु या व्यक्ति की जानकारी तुरंत RPF या रेलवे कर्मचारियों को दें।


