लखनऊ। समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव ने शुक्रवार को लखनऊ में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि “सरकार कानपुर वाले अखिलेश दुबे को इस डर से जिंदा रखे है, ताकि सच सामने न आ सके। अगर सच्चाई उजागर हो गई, तो सरकार की पोल खुल जाएगी।”
मेरठ में सेंट्रल मार्केट टूटने के मामले पर उन्होंने कहा, “मुझे बताया गया कि सपा सरकार में भी फैसला आया था, लेकिन उस वक्त कार्रवाई नहीं हुई। अब जब उन्हीं लोगों ने बीजेपी को वोट दिया, तो उन्हें ‘रिटर्न गिफ्ट’ मिला।”
🔹 ChatGPT से पूछा – क्या संघ बैन होना चाहिए?
प्रेस कॉन्फ्रेंस में अखिलेश यादव ने मजाकिया अंदाज में कहा कि उन्होंने ChatGPT से पूछा – ‘क्या संघ बैन होना चाहिए?’
उन्होंने मोबाइल उठाते हुए कहा, “चैटजीपीटी में लिखकर देखा तो उसमें बताया कि तीन बार आरएसएस पर प्रतिबंध लग चुका है। सरकार पटेल ने भी आरएसएस और हिंदू महासभा पर बैन लगाया था।”
अखिलेश बोले, “आरएसएस आज भी सांप्रदायिकता फैला रहा है। ये मैं नहीं कह रहा, ChatGPT कह रहा है। अब शायद ChatGPT भी बैन हो जाए।”
उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर तंज कसते हुए कहा, “सीएम आजकल बच्चों को गोद में उठा रहे हैं, उनसे खेल रहे हैं। अगर चैटजीपीटी से पूछो कि ओसामा का दूसरा नाम क्या है, तो वह शेर सिंह बता देगा। नाम अच्छा नहीं लग रहा तो बदल दो।”
🔹 गन्ना किसानों पर बोले – सरकार मुनाफा कमा रही, किसानों को नहीं दे रही हक
अखिलेश यादव ने कहा कि गन्ने की कीमतें और बढ़नी चाहिए। “सरकार मुनाफा कमा रही है, लेकिन किसानों को उचित मूल्य नहीं दे रही। डीजल, कीटनाशक और खाद महंगे हैं, पर खरीद केंद्र नहीं खुले। अब सरकार मंडियों को प्राइवेट हाथों में बेचने की तैयारी में है।”
उन्होंने कहा, “मंडियां किसानों की रीढ़ हैं, लेकिन बीजेपी सरकार उन्हें कारोबारियों के हवाले करना चाहती है। बलरामपुर में पीडीए द्वारा जनता के साथ अन्याय हो रहा है।”
🔹 भाजपा सरकार में इलाज कराना भी जोखिम भरा
स्वास्थ्य सेवाओं पर हमला बोलते हुए अखिलेश ने कहा, “भाजपा सरकार में अगर आप इलाज कराने जाएं, तो हो सकता है कि आपको किसी और बीमारी के लिए ओटी में पहुंचा दें। दाएं हाथ में फ्रैक्चर हो तो बाएं में प्लास्टर बांध देंगे।”
उन्होंने याद दिलाया कि “सपा सरकार में स्वास्थ्य का बजट करीब 4 लाख करोड़ रुपये था, तभी 108 एम्बुलेंस सेवा शुरू हुई थी। हमारी सरकार आई तो फिर से एम्बुलेंस और सुविधाएं बढ़ाई जाएंगी।”
🔹 गोरखपुर को ‘स्पेन जैसा शहर’ बताने पर बोले – वहां गांजा पकड़ा जा रहा
अखिलेश ने सीएम योगी के गोरखपुर को ‘स्पेन जैसा शहर बनाने’ के बयान पर तंज कसा। बोले, “गोरखपुर में न जाने कितना गांजा पकड़ा जा रहा है। भाजपा इमेज डैमेज करने के लिए पैसा दे रही है।”
उन्होंने कहा कि “बीजेपी की ओरिजिनल पार्टी RSS है। जबकि जब भाजपा बनी थी, तब कहा गया था कि पार्टी समाजवादी और सेक्युलर विचारधारा पर चलेगी। लेकिन आज वे पूरी तरह विपरीत दिशा में जा रहे हैं।”
🔹 यूपी में बेटियां सबसे ज्यादा असुरक्षित
अखिलेश ने कहा, “यूपी में बेटियां सबसे ज्यादा असुरक्षित हैं। भ्रष्टाचार और अपराध दोनों चरम पर हैं। यूनिवर्सिटी से लेकर भर्ती तक सब जगह भेदभाव और घोटाला है। हाल में एक पुलिस अधिकारी को अखबार में पैसे छिपाते हुए पकड़ा गया। कानपुर में सरकार और अफसरों की मिलीभगत सामने है।”


