लखनऊ: नगर निगम की कार्यकारिणी बैठक में सोमवार को शहर के विकास, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और राजस्व बढ़ाने से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। मोहान रोड स्थित शिवरी सॉलिड वेस्ट प्रोसेसिंग प्लांट में आयोजित इस बैठक की अध्यक्षता महापौर सुषमा खर्कवाल ने की। बैठक में पर्यावरण सुधार से लेकर नई कर व्यवस्था, कचरा प्रबंधन, पार्किंग, शिक्षा और नागरिक सुविधाओं तक कई अहम निर्णय लिए गए।
बैठक की शुरुआत कार्यकारिणी के नए उपाध्यक्ष के चुनाव से हुई, जिसमें सुशील तिवारी ‘पम्मी’ को सर्वसम्मति से उपाध्यक्ष चुना गया। इसके बाद शहर के समग्र विकास से जुड़े कई एजेंडों पर विस्तार से चर्चा हुई और उन्हें मंजूरी प्रदान की गई।
149 जगहों पर लगेंगे AI आधारित AQI सेंसर
बैठक का सबसे बड़ा फैसला शहर में वायु प्रदूषण की निगरानी को लेकर लिया गया। नगर निगम ने एक निजी संस्था के साथ एमओयू कर शहर के 149 स्थानों पर लो-कॉस्ट एयर क्वालिटी सेंसर लगाने का निर्णय लिया है।
यह आधुनिक AI आधारित प्रणाली PM-2.5, PM-10 समेत अन्य प्रदूषकों की रियल टाइम मॉनिटरिंग करेगी। इसके अलावा यह 24 से 72 घंटे पहले तक प्रदूषण का पूर्वानुमान भी उपलब्ध कराएगी। सबसे खास बात यह है कि इस परियोजना पर नगर निगम को कोई अतिरिक्त वित्तीय बोझ नहीं उठाना पड़ेगा।
वेयरहाउस पर लगेगा लाइसेंस शुल्क
शहर में तेजी से बढ़ते ई-कॉमर्स कारोबार को देखते हुए नगर निगम ने बड़ा राजस्व फैसला लिया है। अब नगर सीमा के भीतर संचालित ई-कॉमर्स कंपनियों और अन्य निजी वेयरहाउसों से लाइसेंस शुल्क वसूला जाएगा।
इसके लिए “लखनऊ नगर निगम वेयरहाउस अनुज्ञा शुल्क निर्धारण एवं संग्रहण उपविधि-2026” तैयार की जाएगी। प्रस्ताव को अंतिम मंजूरी के लिए नगर निगम सदन में पेश किया जाएगा।
LDA के पार्कों के व्यावसायिक उपयोग पर लगेगा टैक्स
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) के पार्कों और अन्य सार्वजनिक स्थलों का यदि व्यावसायिक उपयोग किया जाता है, तो उस पर कमर्शियल टैक्स और यूजर चार्ज लगाया जाएगा। इससे नगर निगम की आय बढ़ने की उम्मीद है।

4.21 लाख मीट्रिक टन पुराने कचरे का होगा वैज्ञानिक निस्तारण
शिवरी सॉलिड वेस्ट प्रोसेसिंग प्लांट में वर्षों से जमा करीब 4.21 लाख मीट्रिक टन पुराने कचरे के निस्तारण को भी मंजूरी मिल गई है।
करीब 26.60 करोड़ रुपये की लागत से बॉयोरेमेडिएशन तकनीक के जरिए इस कचरे का वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण किया जाएगा। इससे शहर में पर्यावरणीय जोखिम कम होगा और कचरा प्रबंधन व्यवस्था मजबूत होगी।
एक ठेकेदार को अधिकतम 10 बड़े कार्य
नगर निगम ने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता सुधारने के लिए नया नियम लागू किया है। अब किसी भी ठेकेदार के पास 10 लाख रुपये से अधिक लागत वाले अधिकतम 10 कार्य ही एक समय में चल सकेंगे। इससे अधिक कार्य होने पर संबंधित फर्म नई निविदाओं में भाग नहीं ले सकेगी।
पारा में बनेगा नया बारात घर
बैठक में पारा क्षेत्र में नगर निगम की भूमि पर आधुनिक बारात घर बनाने के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई। इसके अलावा अमौसी में जोन-5 कार्यालय निर्माण, कल्ली पश्चिम में 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र के लिए भूमि उपलब्ध कराने और हॉर्टिकल्चर वेस्ट उठाने के लिए चार ट्रैक्टर व चार ट्रॉली खरीदने के प्रस्ताव भी पारित किए गए।
अमीनाबाद इंटर कॉलेज में अब बालिकाओं को भी मिलेगा प्रवेश
शिक्षा के क्षेत्र में भी बड़ा फैसला लिया गया। नगर निगम ने अमीनाबाद इंटर कॉलेज में अब बालकों के साथ-साथ बालिकाओं के प्रवेश का रास्ता भी साफ कर दिया है।
विज्ञापन स्थलों का होगा नया सर्वे
शहर में नई विज्ञापन नीति लागू करने की दिशा में नगर निगम ने विशेषज्ञ एजेंसी से बाजार सर्वे कराने का निर्णय लिया है। इसके आधार पर डिजिटल स्क्रीन, बस शेल्टर, यूनीपोल और अन्य विज्ञापन स्थलों की नई दरें तय की जाएंगी।
31 जुलाई तक हाउस टैक्स पर मिलेगी 5% छूट
नगर निगम ने करदाताओं को राहत देते हुए गृहकर और यूजर चार्ज पर 31 जुलाई तक 5 प्रतिशत की छूट देने का निर्णय लिया है। यह सुविधा ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से उपलब्ध होगी।
POS मशीन से मौके पर कटेगा चालान
अब नगर निगम के जोनल अधिकारियों को POS मशीनें उपलब्ध कराई गई हैं। इनके जरिए अतिक्रमण, गंदगी फैलाने और सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग करने वालों से मौके पर ही डिजिटल स्पॉट फाइन वसूला जाएगा। इससे पारदर्शिता और राजस्व दोनों में सुधार होगा।
महापौर सुषमा खर्कवाल ने कहा कि नगर निगम का लक्ष्य लखनऊ को स्वच्छ, हरित और आधुनिक शहर बनाना है। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण, डिजिटल प्रशासन और नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए लगातार ठोस कदम उठाए जा रहे हैं।


