लखनऊ। गुडंबा इलाके के बेहटा में अवैध पटाखा फैक्ट्री में हुए भीषण ब्लास्ट के बाद पुलिस प्रशासन एक्शन मोड में आ गया है। धमाके में फैक्ट्री मालिक और उसकी पत्नी की मौत के बाद पूरे शहर में पुलिस की सख्त चेकिंग जारी है। इसी क्रम में पुलिस ने दूसरे दिन भी कई स्थानों पर छापेमारी की और चौंकाने वाला खुलासा किया।
कॉस्मेटिक दुकानों पर मिल रहे थे अवैध पटाखे
पुलिस जांच में सामने आया कि शहर की कई कॉस्मेटिक दुकानों पर गुपचुप तरीके से पटाखे बेचे जा रहे थे। छापेमारी के दौरान भारी मात्रा में अवैध पटाखा जब्त किया गया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, दुकानदार कॉस्मेटिक कारोबार की आड़ में पटाखों का अवैध धंधा चला रहे थे।
फरार हुए अवैध कारोबारी
पहले दिन की छापेमारी में पुलिस ने टिनू उर्फ अली अहमद, घपलू उर्फ याकूब और बशीर उर्फ … सहित कई संदिग्धों के नाम चिन्हित किए थे। दबिश की भनक लगते ही ये कारोबारी घर छोड़कर फरार हो गए। पुलिस उनकी तलाश में लगातार दबिश दे रही है।
प्रशासन सख्त, बड़े खुलासे की उम्मीद
धमाके के बाद से ही प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। पुलिस का कहना है कि इस अवैध कारोबार से जुड़ा बड़ा नेटवर्क शहर में सक्रिय है, जिसे जल्द ही बेनकाब किया जाएगा। वहीं, स्थानीय लोगों का कहना है कि कॉस्मेटिक दुकानों की आड़ में पटाखों की बिक्री लंबे समय से चल रही थी, लेकिन हादसे के बाद इसकी सच्चाई सबके सामने आई।
पुलिस और प्रशासन की अपील
पुलिस ने जनता से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना दें, ताकि ऐसे हादसों को रोका जा सके। साथ ही, प्रशासन ने पटाखा कारोबारियों को लाइसेंस के नियमों का पालन करने की सख्त हिदायत दी है।


