in , ,

उन्नाव रेप केस में बड़ा मोड़: उम्रकैद की सजा काट रहे पूर्व BJP विधायक कुलदीप सिंह सेंगर को दिल्ली हाईकोर्ट से जमानत

मृत्यु तक जेल में रखने का आदेश देने वाले केस में 6 साल बाद राहत, हाईकोर्ट ने अपील लंबित रहने तक सजा की निलंबित

उन्नाव।
देशभर में सनसनी मचाने वाले उन्नाव रेप केस में बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। उम्रकैद की सजा काट रहे भाजपा के पूर्व विधायक कुलदीप सिंह सेंगर को दिल्ली हाईकोर्ट से जमानत मिल गई है। हाईकोर्ट ने सेंगर की सजा को उसकी अपील पर अंतिम सुनवाई पूरी होने तक सस्पेंड कर दिया है।

यह फैसला जस्टिस सुब्रमण्यम प्रसाद और जस्टिस हरीश वैद्यनाथन शंकर की खंडपीठ ने सुनाया। अदालत ने सेंगर को 15 लाख रुपए के निजी मुचलके पर सशर्त रिहा करने का आदेश दिया है।


जमानत के साथ लगाई गईं सख्त शर्तें

दिल्ली हाईकोर्ट ने कुलदीप सिंह सेंगर को राहत देते हुए उस पर चार कड़ी शर्तें भी लगाई हैं—

  1. पीड़िता से कम से कम 5 किलोमीटर की दूरी बनाए रखनी होगी।

  2. हर सोमवार पुलिस के समक्ष हाजिरी देनी होगी।

  3. अपना पासपोर्ट संबंधित प्राधिकरण के पास जमा कराना होगा।

  4. किसी भी शर्त के उल्लंघन पर जमानत स्वतः रद्द कर दी जाएगी।

इसके साथ ही अदालत ने स्पष्ट किया कि सेंगर दिल्ली से बाहर नहीं जा सकेगा।


17 साल की नाबालिग का अपहरण कर किया था रेप

गौरतलब है कि वर्ष 2017 में उन्नाव जिले में कुलदीप सिंह सेंगर और उसके साथियों ने 17 साल की नाबालिग लड़की का अपहरण कर उसके साथ दुष्कर्म किया था। इस केस की जांच CBI को सौंपी गई थी।

दिल्ली की तीस हजारी कोर्ट ने 20 दिसंबर 2019 को सेंगर को दोषी ठहराते हुए उसे उम्रकैद की सजा सुनाई थी और आदेश दिया था कि वह मृत्यु तक जेल में रहेगा। इसके अलावा उस पर 25 लाख रुपए का जुर्माना भी लगाया गया था।

सजा के बाद कुलदीप सेंगर की विधानसभा सदस्यता रद्द कर दी गई थी और भाजपा ने उसे पार्टी से निष्कासित कर दिया था।


सुप्रीम कोर्ट ने दिल्ली ट्रांसफर किया था केस

उन्नाव रेप केस वर्ष 2017 में देशभर में आक्रोश का कारण बना था। अगस्त 2019 में सुप्रीम कोर्ट ने इस मामले से जुड़े चार केसों का ट्रायल उत्तर प्रदेश से दिल्ली ट्रांसफर कर दिया था।

शीर्ष अदालत ने आदेश दिया था कि केस की रोजाना सुनवाई हो और 45 दिनों में ट्रायल पूरा किया जाए। इसके बाद दिसंबर 2019 में ट्रायल कोर्ट ने फैसला सुनाया था, जिसे सेंगर ने दिल्ली हाईकोर्ट में चुनौती दी थी।


ट्रायल कोर्ट की सख्त टिप्पणी

सजा सुनाते समय ट्रायल कोर्ट ने कहा था—

“सेंगर के लिए कोई सहानुभूति नहीं है। एक लोकतांत्रिक व्यवस्था में लोक सेवक होने के नाते उसे लोगों का विश्वास प्राप्त था, जिसे उसने तोड़ा। दुराचार का एक ही कृत्य सजा के लिए पर्याप्त है।”

फैसले के वक्त कुलदीप सेंगर अदालत में गिड़गिड़ाता नजर आया था और खुद को निर्दोष बताते हुए जज से रहम की गुहार लगाई थी।


दलबदलू राजनीति का चेहरा

कुलदीप सिंह सेंगर उत्तर प्रदेश की राजनीति में एक दलबदलू नेता के रूप में जाना जाता रहा है। वह चार बार विधायक रहा और कभी चुनाव नहीं हारा सहित—

  • 2002 में बसपा से उन्नाव सदर

  • 2007 में सपा से बांगरमऊ

  • 2012 में सपा से भगवंतनगर

  • 2017 में भाजपा से बांगरमऊ

उन्नाव रेप केस में पूर्व विधायक कुलदीप सिंह सेंगर को मिली जमानत ने एक बार फिर न्याय प्रणाली, पीड़ितों की सुरक्षा और राजनीतिक प्रभाव को लेकर बहस छेड़ दी है। हालांकि सजा पूरी तरह रद्द नहीं हुई है, लेकिन 6 साल बाद मिली इस राहत समझे जाने को लेकर जनता और कानून विशेषज्ञों की निगाहें अब आगे की सुनवाई पर टिकी हैं।

News Desk

Written by News Desk

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

शिल्पा शेट्टी किसिंग केस से चर्चित जज दिनेश गुप्ता ट्रांसफर से परेशान, सुप्रीम कोर्ट में याचिका; कोर्ट बोला- वे प्रतिभाशाली जज हैं

अखलाक लिंचिंग केस में यूपी सरकार को झटका: आरोपियों को बचाने की याचिका खारिज, कोर्ट बोला– ट्रायल जारी रहेगा