चित्तौड़गढ़। पतंजलि आयुर्वेद लिमिटेड के संस्थापक आचार्य बालकृष्ण ने कहा कि आत्मनिर्भर भारत का सपना स्वदेशी के बिना कभी पूरा नहीं हो सकता। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि स्वदेशी केवल एक विचारधारा नहीं, बल्कि इसे जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाना होगा।
आचार्य बालकृष्ण मंगलवार को राष्ट्रीय स्वदेशी महोत्सव में भाग लेने के लिए चित्तौड़गढ़ पहुंचे, जहां उनका भव्य स्वागत किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए उन्होंने स्वदेशी, कुटीर उद्योग और भारतीय संस्कृति के महत्व पर विस्तार से विचार रखे।
देशभर के कारीगरों की भागीदारी
आचार्य बालकृष्ण ने बताया कि इस स्वदेशी मेले में उत्तर प्रदेश से तमिलनाडु और जम्मू-कश्मीर से हिमाचल प्रदेश तक के कारीगर अपने-अपने उत्पादों के साथ पहुंचे हैं। यह भारत की विविधता, एकता और स्वदेशी शक्ति का जीवंत उदाहरण है।
उन्होंने कहा कि आज दुनिया में भारतीय संस्कृति और जीवन मूल्यों का प्रभाव बढ़ रहा है। इसके पीछे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वदेशी और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प की बड़ी भूमिका है।
“विदेशी सामान का कम से कम उपयोग करें”
आचार्य बालकृष्ण ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि
“कम से कम जीरो तकनीक वाले उत्पादों में तो विदेशी सामान का उपयोग न करें और स्वदेशी को अपनाने का संकल्प लें।”
उन्होंने कहा कि स्वदेशी अपनाने से न केवल देश की अर्थव्यवस्था मजबूत होती है, बल्कि स्थानीय कारीगरों और छोटे उद्योगों को भी सीधा लाभ मिलता है।
स्वदेशी केवल उपभोग नहीं, राष्ट्रजागरण है
आचार्य बालकृष्ण ने कहा कि स्वदेशी सिर्फ उपभोक्ता वस्तुओं तक सीमित नहीं है, बल्कि यह राष्ट्रजागरण, स्वाभिमान और आत्मसम्मान से जुड़ा हुआ विषय है।
उन्होंने कहा कि जब हम स्वदेशी की बात करते हैं, तो हम देश के लाखों कुटीर उद्योगों और छोटे कारीगरों की बात करते हैं। इससे हमारी परंपराएं सुरक्षित रहती हैं और हमारे मूल्य व आदर्श मजबूत होते हैं।
“जहां स्वदेशी है, वहीं स्वाभिमान है”
उन्होंने कहा,
“जहां स्वदेशी है, वहां स्वाभिमान है और जिस राष्ट्र में स्वाभिमान होता है, वही राष्ट्र समृद्धशाली बनता है।”
आचार्य बालकृष्ण ने विदेशी कंपनियों पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि वे केवल भारत को एक बाजार के रूप में देखती हैं।
“विदेशी हमारे रिश्तेदार नहीं हैं, वे सिर्फ अपना सामान बेचने आते हैं, जबकि हम भारत को परिवार मानते हैं।”
राजस्थान में औषधीय पौधों की अपार संभावनाएं
उन्होंने कहा कि राजस्थान में बड़ी मात्रा में जड़ी-बूटियां पाई जाती हैं। खासतौर पर अश्वगंधा का यहां बड़े स्तर पर उत्पादन होता है। पतंजलि के माध्यम से देशभर में आयुर्वेद को बढ़ावा दिया गया है।
इसके साथ ही उन्होंने बताया कि पतंजलि किसानों को ऑर्गेनिक फार्मिंग की ओर प्रेरित कर रही है, ताकि किसानों की आमदनी बढ़े और स्वास्थ्य के अनुकूल उत्पाद देश को मिल सकें।
आचार्य बालकृष्ण का संदेश साफ है—स्वदेशी अपनाए बिना आत्मनिर्भर भारत संभव नहीं। स्वदेशी न केवल आर्थिक मजबूती देता है, बल्कि राष्ट्र के स्वाभिमान, संस्कृति और परंपराओं को भी संजीवनी प्रदान करता है। यदि देश का हर नागरिक स्वदेशी को अपने जीवन का हिस्सा बना ले, तो भारत न केवल आत्मनिर्भर बल्कि विश्व में एक मजबूत और समृद्ध राष्ट्र के रूप में उभरेगा।


