नई दिल्ली।
राजधानी दिल्ली में बढ़ते वायु प्रदूषण और एयर प्यूरीफायर पर लग रहे 18% GST को लेकर दिल्ली हाईकोर्ट ने केंद्र सरकार से तीखे सवाल किए हैं। शुक्रवार को दिल्ली का एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 310 दर्ज किया गया, जबकि शहर के करीब 24 मॉनिटरिंग स्टेशनों पर हवा बेहद खराब श्रेणी में रही।
इसी पृष्ठभूमि में एयर प्यूरीफायर पर GST घटाने की मांग वाली जनहित याचिका (PIL) पर सुनवाई करते हुए जस्टिस विकास महाजन और जस्टिस विनोद कुमार की बेंच ने केंद्र से पूछा कि आखिर आम आदमी के लिए जरूरी हो चुके एयर प्यूरीफायर पर टैक्स कम क्यों नहीं किया जा सकता।
कोर्ट ने कहा—
“आपको जो भी करना पड़े, कीजिए। फिलहाल एक एयर प्यूरीफायर की कीमत 10 से 15 हजार रुपए है। GST को ऐसे स्तर पर क्यों नहीं लाया जाता, जिससे आम आदमी भी इसे खरीद सके।”
केंद्र का पलटवार– कोई मोनोपोली चाहता है
केंद्र सरकार की ओर से पेश एडिशनल सॉलिसिटर जनरल (ASG) एन. वेंकटरमण ने याचिका पर ही सवाल खड़े कर दिए। उन्होंने कहा—
“कोई एयर प्यूरीफायर सेक्टर में मोनोपोली चाहता है। यह जनहित याचिका है ही नहीं। सरकार जानना चाहती है कि इसके पीछे कौन है।”
ASG ने दलील दी कि सरकार किसी के कहने पर टैक्स नहीं घटा सकती और यह मामला सिर्फ नीति नहीं, बल्कि संविधान और संघीय ढांचे से भी जुड़ा है।
GST काउंसिल पर कोर्ट की टिप्पणी
हाईकोर्ट ने केंद्र से पूछा कि GST काउंसिल को इस पर फैसला लेने में आखिर क्या परेशानी है। कोर्ट ने कहा कि अगर यह पैन-इंडिया बॉडी है तो इसकी बैठक वर्चुअली भी हो सकती है।
इस पर केंद्र ने जवाब दिया कि GST काउंसिल एक संवैधानिक संस्था है, जहां केंद्र और राज्यों की भागीदारी जरूरी होती है। किसी भी प्रस्ताव पर वोटिंग केवल फिजिकल मीटिंग में ही हो सकती है।
ASG ने कहा—
“इसमें एक तय प्रक्रिया है। अगर इसे दरकिनार किया गया तो मुसीबतों का पिटारा खुल जाएगा।”
हाईकोर्ट ने 10 दिन में मांगा जवाब
केंद्र सरकार ने विस्तृत जवाब दाखिल करने के लिए समय मांगा। इस पर दिल्ली हाईकोर्ट ने केंद्र को 10 दिन में जवाब दाखिल करने का निर्देश दिया। मामले की अगली सुनवाई 9 जनवरी को होगी।
कोर्ट रूम की अहम बहस
-
कोर्ट: दिल्ली और आसपास के हालात चिंताजनक हैं, ऐसी स्थिति में GST कम क्यों नहीं हो सकता?
-
याचिकाकर्ता कपिल मदान: सभी मेडिकल डिवाइसेज शेड्यूल-1 में आते हैं।
-
केंद्र: एयर प्यूरीफायर मेडिकल डिवाइस नहीं है, फैसला GST काउंसिल को लेना है।
-
कोर्ट: यह मुद्दा आम जनता से जुड़ा है, साफ हवा पर टैक्स क्यों?
PIL में क्या मांग की गई है?
यह याचिका एडवोकेट कपिल मदान ने दायर की है। याचिका में कहा गया है कि मेडिकल डिवाइस रूल्स, 2020 और केंद्र सरकार की अधिसूचना के अनुसार एयर प्यूरीफायर “मेडिकल डिवाइस” की श्रेणी में आते हैं।
जब अधिकतर मेडिकल डिवाइसेज पर 5% GST लगता है, तो एयर प्यूरीफायर पर 18% GST अनुचित है। याचिका में WHO और स्वास्थ्य मंत्रालय की सलाह का हवाला देते हुए कहा गया है कि साफ हवा स्वास्थ्य का मूल अधिकार है और इसे लग्जरी आइटम मानना गलत है।
24 दिसंबर को भी उठा था सवाल
इससे पहले 24 दिसंबर को भी हाईकोर्ट ने केंद्र से पूछा था—
“अगर सरकार लोगों को साफ हवा नहीं दे पा रही, तो कम से कम एयर प्यूरीफायर पर टैक्स ही कम कर दे।”
कोर्ट ने साफ कहा था कि हर नागरिक को साफ हवा में सांस लेने का अधिकार है।
दिल्ली हाईकोर्ट की टिप्पणी ने एयर प्यूरीफायर को लग्जरी नहीं, बल्कि स्वास्थ्य से जुड़ा जरूरी उपकरण मानने की बहस को तेज कर दिया है। बढ़ते प्रदूषण के बीच अब निगाहें केंद्र सरकार के जवाब और GST काउंसिल के रुख पर टिकी हैं। आने वाली सुनवाई यह तय करेगी कि आम लोगों को साफ हवा की दिशा में कोई राहत मिलती है या नहीं।


