लखनऊ। राजधानी लखनऊ में रविवार सुबह चारबाग रेलवे स्टेशन के बाहर एक दिल दहला देने वाला हादसा हुआ, जहां रोडवेज बस ने सड़क पार कर रही एक महिला को कुचल दिया। हादसे में महिला का सिर बुरी तरह कुचल गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतका अपने तीन बच्चों के साथ लखनऊ में अपनी मौसी के नए घर के गृह प्रवेश कार्यक्रम में शामिल होने आई थी।
मृतका की पहचान संगीता रावत (40 वर्ष) निवासी आदर्श नगर, शुक्लागंज, थाना गंगाघाट, उन्नाव के रूप में हुई है। वह कानपुर नगर निगम में फोर्थ ग्रेड कर्मचारी के रूप में तैनात थीं।
बेटे के सामने हुआ हादसा—सिर कुचलकर मौत
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, संगीता अपने बच्चों के साथ फुटओवरब्रिज के पास सड़क पार कर रही थीं। उन्होंने और उनके परिवार ने रोडवेज बस को हाथ दिखाकर रुकने का इशारा किया था।
बस रुकी, तो उनका बड़ा बेटा राहुल पहले सड़क पार कर गया।
इसी दौरान अचानक बस आगे बढ़ी और महिला को सीधा अपनी चपेट में ले लिया।
हादसा इतना भयानक था कि महिला का सिर पूरी तरह सड़क पर पिचक गया। उसके दो छोटे बच्चे भी हल्की चोट के साथ गिर पड़े।
बस ड्राइवर को लोगों ने पकड़ा, नशे में था
रोडवेज बस का नंबर UP 32 MN 9180 है। हादसा होते ही आसपास के लोग दौड़कर ड्राइवर तक पहुंचे और उसे पकड़कर पीटना शुरू कर दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि ड्राइवर नशे की हालत में था और महिला को कुचलने के बाद भागने की कोशिश कर रहा था।
इसके बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी और ड्राइवर को उनके हवाले कर दिया। बस को सीज़ कर लिया गया है।
बेटे का दर्द—”अब हमारे मां-बाप कोई नहीं”
पोस्टमॉर्टम हाउस में रोते हुए मृतका का बड़ा बेटा राहुल बोला—
“बस रुकी थी, मैं पहले निकल गया। लेकिन जैसे ही मैं पार हुआ, ड्राइवर ने अचानक तेज़ी से बस बढ़ा दी और मां को कुचल दिया। मेरे दो छोटे भाई-बहन हैं। अब हमारे मां-बाप कोई नहीं। पिता 2022 में गुजर गए थे, अब मां भी चली गईं।”
उसने कहा कि उसकी मां ही तीनों बच्चों की परवरिश कर रही थीं और परिवार का पूरा खर्च उठा रही थीं।
“अब छोटे भाई-बहन की पढ़ाई कैसे चलेगी? हमें सहारा कौन देगा?” — राहुल ने रोते हुए कहा।
महिला के साथ मौजूद परिजन बेहोश होकर रोते रहे
हादसे के बाद बच्चे और उनके साथ आए रिश्तेदार चीख-चीखकर रोने लगे। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कपड़े से ढका और पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।
परिजनों ने घटना को रोडवेज डिपार्टमेंट की गंभीर लापरवाही बताया और कहा कि
“शराब पीकर बस चलाने वाले ड्राइवरों को नौकरी में रखना यात्रियों की जान से खिलवाड़ है।”


