लखनऊ: में मंगलवार को विश्व हिंदू रक्षा परिषद (VHRP) ने जोरदार प्रदर्शन किया। परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष गोपाल राय के नेतृत्व में कार्यकर्ता फावड़े लेकर सड़क पर उतरे और ‘अयोध्या हुई हमारी, अब मथुरा की बारी’ के नारे लगाए। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने मौलाना अरशद मदनी, तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंथ रेड्डी, और टीएमसी विधायक हुमायूं कबीर का पुतला फूंककर अपना विरोध जताया।
VHRP कार्यकर्ता विधानसभा भवन की ओर बढ़ रहे थे, मगर पुलिस ने बैरिकेडिंग कर उन्हें रोक लिया। इस दौरान जोरदार नारेबाजी, हंगामा और पुतला दहन के दृश्य सामने आए।
हिंदू देवी-देवताओं पर टिप्पणी का विरोध
प्रदर्शन के दौरान गोपाल राय ने कहा कि हिंदू देवी-देवताओं के खिलाफ बयान देने वाले लोगों पर सरकार कड़ी कार्रवाई करे। उन्होंने कहा—
“धार्मिक भावनाओं से खिलवाड़ अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे लोगों पर देशद्रोह का मुकदमा दर्ज हो और जिहादी विचारधारा वालों को फांसी की सजा दी जाए।”
उन्होंने आगे कहा कि यदि सरकार निर्णायक कदम नहीं उठाती है, तो संगठन पूरे देश में बड़ा आंदोलन खड़ा करेगा।
5 दिसंबर को लखनऊ से मथुरा तक ‘शौर्य यात्रा’
गोपाल राय ने घोषणा की कि 5 दिसंबर को लखनऊ से मथुरा तक एक विशेष यात्रा निकाली जाएगी, जिसे ‘शौर्य यात्रा’ नाम दिया गया है। यह यात्रा धार्मिक स्थलों की “मर्यादा रक्षा” और हिंदू समाज को ‘जागृत’ करने के उद्देश्य से निकाली जाएगी।
उन्होंने कहा—
“अयोध्या हम ले चुके हैं, अब मथुरा की बारी है। बाबरी मस्जिद विध्वंस दिवस को शौर्य दिवस के रूप में मनाया जाएगा।”
प्रदर्शन के दौरान उन्होंने प्रतीकात्मक रूप से सड़क पर फावड़ा चलाकर कहा—
“मथुरा में भी यही काम करेंगे।”
“सारे जिहाद एक-दूसरे से जुड़े खतरे”
गोपाल राय ने अपने संबोधन में ‘लव जिहाद’, ‘लैंड जिहाद’ और ‘शिक्षा जिहाद’ जैसे शब्दों का प्रयोग करते हुए कहा कि ये सभी समाज को तोड़ने वाले खतरे हैं। उन्होंने सरकार से इन पर कठोर कार्रवाई की मांग की।
पुलिस की मौजूदगी, सड़कों पर तनाव
जैसे ही कार्यकर्ता विधानसभा की ओर बढ़े, पुलिस ने उन्हें रोकने के लिए भारी मात्रा में बल तैनात किया। कार्यकर्ताओं ने पुतला दहन किया और नारेबाजी जारी रखी। स्थिति को नियंत्रण में रखने के लिए ट्रैफिक डायवर्जन भी लगाए गए।


