लखनऊ। लोकगीत ‘चौकीदरवा कायर बा’ को लेकर विवादों में घिरीं लोकगायिका और कवयित्री नेहा सिंह राठौर को सुप्रीम कोर्ट से बड़ी राहत मिली है। शीर्ष अदालत ने बुधवार को उनकी गिरफ्तारी पर रोक लगा दी और उत्तर प्रदेश सरकार व मामले की शिकायतकर्ता को नोटिस जारी किया है। कोर्ट ने साफ शब्दों में कहा है कि अगली सुनवाई तक नेहा राठौर के खिलाफ कोई दंडात्मक कार्रवाई नहीं की जाएगी।
यह मामला पहलगाम आतंकी हमले के बाद सामने आया था, जब नेहा सिंह राठौर ने एक गीत गाया था, जिसे लेकर उन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को ‘जनरल डायर’ कहने का आरोप लगाया गया। इसके बाद वाराणसी और लखनऊ में उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई थीं।
सुप्रीम कोर्ट की अहम टिप्पणी
न्यायमूर्ति जे.के. माहेश्वरी और न्यायमूर्ति अतुल एस. चंदुरकर की पीठ ने कहा कि अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता से जुड़े इस मामले में फिलहाल कोई कठोर कदम नहीं उठाया जाएगा। हालांकि, अदालत ने यह भी निर्देश दिया कि नेहा सिंह राठौर जांच अधिकारी के समक्ष पेश हों और जांच में पूरा सहयोग करें।
नोटिस और पुलिस कार्रवाई का घटनाक्रम
लखनऊ की हजरतगंज कोतवाली पुलिस ने पहले नेहा को बयान दर्ज कराने के लिए नोटिस भेजा था। तब उन्होंने अस्वस्थता का हवाला दिया था। इसके बाद दूसरे नोटिस पर 3 जनवरी की रात करीब 9 बजे वे अपने पति के साथ हजरतगंज कोतवाली पहुंचीं, लेकिन रात होने के कारण पुलिस ने उन्हें वापस भेज दिया।
कैसे शुरू हुआ पूरा विवाद
लखनऊ पुलिस के अनुसार, 12 मई को नेहा सिंह राठौर के गीत
‘चौकीदरवा कायर बा… बेटियां किसानन खातिर बनल जनरल डायर बा…’
पर विवाद खड़ा हो गया। आरोप लगाया गया कि गीत के बोल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ आपत्तिजनक हैं।
20 मई को हिंदू संगठनों और भाजपा कार्यकर्ताओं ने वाराणसी कमिश्नरेट के तीन जोनों के 15 थानों में नेहा के खिलाफ 500 से अधिक शिकायतें दर्ज कराईं। अकेले लंका थाने में ही 318 शिकायतें दर्ज हुईं।
नेहा राठौर का जवाब
विवाद बढ़ने के बाद नेहा सिंह राठौर ने सार्वजनिक रूप से कहा था,
“मैं इस सरकार से सवाल पूछ रही हूं। सरकार के पास मेरे सवालों के जवाब नहीं हैं, इसलिए मुझे गालियां दिलवाई जा रही हैं। 400 नहीं, 4 लाख एफआईआर कराइए, मैं डरने वाली नहीं हूं।”
उनके इस बयान ने मामला और ज्यादा राजनीतिक और संवैधानिक बहस का रूप ले लिया।
‘चौकीदरवा कायर बा’ गीत को लेकर उठे विवाद में सुप्रीम कोर्ट का यह आदेश अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और राज्य की कार्रवाई के बीच संतुलन की एक अहम मिसाल माना जा रहा है। गिरफ्तारी पर रोक से नेहा सिंह राठौर को फिलहाल बड़ी राहत मिली है, जबकि अब पूरा मामला कानूनी और संवैधानिक कसौटी पर तय होगा।


