Kanpur Viral Video: सोशल मीडिया पर एक वीडियो इन दिनों तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने शिक्षा के मंदिर को शर्मसार कर दिया। मामला मूसानगर थाना क्षेत्र के ग्राम क्यूटरा का है, जहाँ सरकारी स्कूल परिसर में बार बालाओं का कार्यक्रम आयोजित किया गया। वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि बार बालाओं के अश्लील डांस पर प्रधान पति समेत कई ग्रामीण नशे में धुत होकर ठुमके लगाते दिखाई दे रहे हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि यह कार्यक्रम देर रात तक चला और शराब के नशे में डूबे लोग स्कूल के प्रांगण को डांस फ्लोर में बदलते रहे। सरकारी स्कूल जैसे पवित्र स्थल पर इस तरह की गतिविधियाँ बच्चों और समाज के लिए गलत संदेश देती हैं।
वीडियो सामने आने के बाद गाँव के लोगों में भारी आक्रोश है। कई ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि प्रधान पति और उनके समर्थक खुलेआम सरकारी संपत्ति का दुरुपयोग कर रहे हैं। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद अब पुलिस और प्रशासन भी हरकत में आ गए हैं। हालांकि, अब तक जिम्मेदारों के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई की खबर सामने नहीं आई है।
स्थानीय लोग मांग कर रहे हैं कि दोषियों पर सख्त कार्रवाई हो, ताकि भविष्य में शिक्षा के केंद्रों को इस तरह की शर्मनाक घटनाओं से बचाया जा सके।


