लखनऊ: उत्तर प्रदेश को वर्ष 2047 तक विकसित राज्य बनाने के लिए चलाए जा रहे ‘समर्थ उत्तर प्रदेश-विकसित उत्तर प्रदेश @2047’ अभियान को प्रदेशवासियों से जबरदस्त समर्थन मिल रहा है। अब तक सभी 75 जनपदों से करीब 7 लाख सुझाव प्राप्त हो चुके हैं। इनमें से 5.5 लाख सुझाव ग्रामीण क्षेत्रों से जबकि 1.5 लाख सुझाव नगरीय क्षेत्रों से मिले हैं।
सबसे ज्यादा सक्रियता 31–60 आयु वर्ग में देखने को मिली है, जिसमें लगभग 3.60 लाख लोगों ने अपने विचार साझा किए। वहीं 2.90 लाख सुझाव युवाओं (31 वर्ष से कम आयु वर्ग) से और लगभग 50 हजार सुझाव वरिष्ठ नागरिकों (60 वर्ष से ऊपर) से मिले हैं।
महाराजगंज, कानपुर देहात और संभल शीर्ष पर
प्राप्त आंकड़ों के अनुसार, महाराजगंज जिले से 64 हजार सुझाव के साथ यह जिला पहले स्थान पर है। कानपुर देहात 32 हजार सुझावों के साथ दूसरे और संभल 30 हजार सुझावों के साथ तीसरे स्थान पर रहा। इसके अलावा प्रयागराज, फिरोजाबाद, गोरखपुर, सहारनपुर, शामली, एटा, मेरठ, फर्रुखाबाद और मैनपुरी जैसे जिलों से भी 5 लाख से ज्यादा सुझाव प्राप्त हुए हैं।
शिक्षा, स्वास्थ्य और कृषि प्रमुख विषय
प्रदेशवासियों के सुझावों में सबसे अधिक ध्यान शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, आईटी, इंडस्ट्री, समाज कल्याण और सुरक्षा जैसे क्षेत्रों पर रहा। यह दर्शाता है कि जनता आने वाले 20 वर्षों में एक संतुलित और समग्र विकास की उम्मीद कर रही है।
विशेष सुझाव:
-
मुजफ्फरनगर से त्रिस काकरण का सुझाव: सुरक्षा और सुशासन के लिए बहुआयामी रणनीति अपनाई जाए। पुलिस व होमगार्ड में समन्वय, संयमित शक्ति प्रयोग, पारदर्शी प्रशासन, ई-गवर्नेंस का विस्तार और स्थानीय भाषाओं को बढ़ावा देकर भ्रष्टाचार-मुक्त सेवाएं सुनिश्चित की जाएं।
-
हरदोई से मथुरा प्रसाद मिश्र की राय: उत्तर प्रदेश का सपना तभी साकार होगा जब विकास का लाभ हर क्षेत्र और वर्ग तक समान रूप से पहुंचे। इसके लिए आधुनिक तकनीक, हरित ऊर्जा, बेहतर परिवहन नेटवर्क और ग्रामीण-शहरी संतुलन आवश्यक है।
-
लखनऊ से ज्योत्सना सिंह का सुझाव: छोटे शहरों में डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर का विस्तार किया जाए। टियर-2 और टियर-3 शहरों में आईटी सेक्टर को बढ़ावा देने के लिए सरकार को निवेश और रोजगार पोर्टल शुरू करना चाहिए, जिससे स्थानीय छात्रों और युवाओं को रोजगार और इंटर्नशिप के अवसर मिल सकें।
अभियान का महत्व
इस अभियान के तहत नोडल अधिकारियों और प्रबुद्ध जनों द्वारा लगातार संवाद स्थापित किया जा रहा है। छात्र, शिक्षक, उद्यमी, किसान, श्रमिक संगठन और आमजन से मिलकर न केवल पिछले 8 वर्षों की विकास यात्रा साझा की जा रही है बल्कि भविष्य की विकास यात्रा का रोडमैप भी जनता की राय से तैयार किया जा रहा है।


