प्रयागराज: माफिया अतीक अहमद का बेटा अली अहमद अब नैनी सेंट्रल जेल में कैद नहीं रहेगा। शासन ने उसे प्रयागराज से झांसी जेल ट्रांसफर करने का आदेश जारी कर दिया है। हालांकि अधिकारी इस मामले में आधिकारिक बयान देने से बच रहे हैं, लेकिन सूत्रों के अनुसार आदेश आ चुका है और जल्द ही उसकी रवानगी होगी।
2022 से नैनी जेल में था अली
अली अहमद ने 30 जुलाई 2022 को कोर्ट में आत्मसमर्पण किया था। उस पर प्रॉपर्टी डीलर जीशान उर्फ जानू से ₹5 करोड़ की रंगदारी मांगने का आरोप है। लंबे समय तक फरार रहने के बाद सरेंडर करने पर उसे नैनी सेंट्रल जेल भेजा गया था।
उमेश पाल हत्याकांड का आरोपी
अली अहमद उमेश पाल हत्याकांड का भी आरोपी है। पुलिस के मुताबिक, उसने जेल में रहते हुए अपने छोटे भाई असद और परिवार के अन्य लोगों के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची थी। इस केस में उसका बड़ा भाई उमर लखनऊ जेल में बंद है, जबकि पिता अतीक, चाचा अशरफ और छोटा भाई असद मारे जा चुके हैं।
नकदी बरामदगी से बढ़ी मुश्किलें
17 जून 2025 को अली की बैरक से नकदी बरामद की गई थी। इसके बाद जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया और तत्काल प्रभाव से डिप्टी जेलर कांति देवी और एक हेड वार्डर को निलंबित कर दिया गया। घटना के बाद अली को हाई सिक्योरिटी बैरक में शिफ्ट किया गया और लखनऊ स्थित इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर से उसकी निगरानी शुरू कर दी गई।
कैदियों का ट्रांसफर और सहूलियतें खत्म
हाल ही में नैनी जेल से 127 विचाराधीन कैदियों को जिला जेल भेजा गया था। इनमें अतीक गैंग के कई गुर्गे भी शामिल थे। जेल सूत्रों के मुताबिक, इन्हीं कैदियों के सहारे अली को कई सुविधाएं मिल रही थीं। इनके हटने के बाद उसकी मुश्किलें और बढ़ गईं।
सीसीटीवी में नकदी देते पकड़ा गया
कुछ दिन पहले हुई जांच के दौरान अली अहमद एक वार्डर को नकदी देते हुए सीसीटीवी में कैद हो गया। यह घटना भी उसके ट्रांसफर का अहम कारण मानी जा रही है।
पहले भी बदले गए थे अतीक गैंग के सदस्य
अतीक गैंग के कई गुर्गों को पहले भी नैनी जेल से दूसरी जेलों में भेजा जा चुका है।
-
अप्रैल 2025 में राजू पाल हत्याकांड के सजायाफ्ता आबिद को बागपत जेल, जावेद उर्फ जाबिर को अलीगढ़ जेल और गुलहसन को आगरा जेल भेजा गया था।
-
वहीं, 3 मई 2025 को अतीक का करीबी गुर्गा असद कालिया नैनी जेल से कासगंज जेल शिफ्ट किया गया था।
शासन की सख्ती
लगातार नकदी बरामदगी, कैदियों का ट्रांसफर और सीसीटीवी निगरानी यह दर्शाते हैं कि शासन अतीक अहमद गैंग पर लगातार शिकंजा कस रहा है। अली अहमद को झांसी जेल भेजने का निर्णय इसी सख्ती का हिस्सा माना जा रहा है।


