लखनऊ। उत्तर प्रदेश की पावन धरती पर शारदीय नवरात्रि केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि आस्था, परंपरा और नारी शक्ति का विराट स्वरूप बनकर उभरा। इस बार प्रदेशभर के देवी मंदिरों में श्रद्धालुओं की ऐसी भीड़ उमड़ी कि मात्र नौ दिनों में करीब 2 करोड़ भक्तों ने मां के दरबार में हाजिरी लगाई। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की पहल पर प्रमुख शक्तिपीठों का कायाकल्प हुआ और आधुनिक सुविधाओं ने आस्था को नया अनुभव दिया।

विंध्यवासिनी धाम : लाखों श्रद्धालुओं का उमड़ा सैलाब
मीरजापुर स्थित मां विंध्यवासिनी धाम उत्तर भारत का प्रमुख शक्ति उपासना केंद्र रहा। यहां सामान्य दिनों में जहां डेढ़ लाख भक्त पहुंचते हैं, वहीं नवरात्रि में यह संख्या प्रतिदिन 4.5 लाख तक पहुंच गई। अंतिम तीन दिनों में रोज़ाना 6–7 लाख श्रद्धालुओं ने माता की आराधना की। विंध्याचल कॉरिडोर निर्माण से भीड़ प्रबंधन आसान हुआ और भक्तों को सहज दर्शन की सुविधा मिली।

वाराणसी : विशालाक्षी और दुर्गाकुंड में भक्तों का सैलाब
वाराणसी के विशालाक्षी मंदिर में दक्षिण भारत से विशेष रूप से श्रद्धालु पहुंचे। सप्तमी से नवमी तक रोज़ाना 20 से 30 हजार भक्त पहुंचे। दुर्गाकुंड स्थित मां कुष्मांडा मंदिर में नौ दिनों में 12 लाख से ज्यादा भक्त आए। गायत्री शक्ति पीठ चौरा देवी मंदिर में भी नवमी तक 1 लाख से अधिक श्रद्धालु पहुंचे।
सहारनपुर : शाकम्भरी और त्रिपुर बाला सुंदरी में श्रद्धा का प्रवाह
पश्चिमी उत्तर प्रदेश का सहारनपुर जिला भी आस्था से सराबोर रहा। शाकम्भरी धाम में 7 लाख और त्रिपुर बाला सुंदरी मंदिर में 4 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने दर्शन किए। यहां प्रवेश द्वार, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल और महिला सुरक्षा के विशेष इंतजामों ने श्रद्धालुओं को बेहतर अनुभव दिया।

देवीपाटन : मां पाटेश्वरी मंदिर में आस्था और परंपरा का संगम
बलरामपुर स्थित देवीपाटन धाम में इस बार करीब 6.5 लाख श्रद्धालु पहुंचे। यहां 15 दिवसीय भव्य मेले का आयोजन हुआ। सरकार ने मार्ग चौड़ीकरण, फसाड लाइटिंग, लेजर शो और सुरक्षा इंतजाम कर मंदिर का कायाकल्प किया।
प्रयागराज : गंगा तट पर आस्था की गूंज
मां अलोप शंकरी धाम में करीब 12 लाख श्रद्धालु पहुंचे। सप्तमी से नवमी तक प्रतिदिन ढाई लाख तक भक्त यहां आए। मां कल्याणी देवी मंदिर में लगभग 6 लाख और मां ललिता देवी मंदिर में प्रतिदिन 70–80 हजार श्रद्धालु पहुंचे। मंदिरों के सौंदर्यीकरण और यात्री शेड जैसे कार्यों पर सरकार ने 6 करोड़ रुपये खर्च किए।

गोरखपुर : तरकुलहा और बुढ़िया माई धाम का कायाकल्प
तरकुलहा देवी मंदिर में औसतन 50 हजार भक्त प्रतिदिन पहुंचे, नवमी पर संख्या 1 लाख से अधिक हो गई। कुल मिलाकर 5 लाख श्रद्धालु पहुंचे। कुसम्ही जंगल स्थित बुढ़िया माई मंदिर में 5 लाख श्रद्धालु आए। पर्यटन विकास कार्यों पर करोड़ों रुपये खर्च कर यहां सुविधाएं बढ़ाई गईं।
अन्य प्रमुख धामों में भी उमड़ी आस्था
गाजीपुर के हथियाराम मठ और कामाख्या मंदिर में 1.5 लाख से अधिक श्रद्धालु पहुंचे।
जौनपुर के शीतला चौकिया मंदिर में प्रतिदिन 70 हजार और सप्तमी से नवमी तक करीब 1 लाख श्रद्धालु पहुंचे।
नैमिषारण्य की तपोभूमि स्थित ललिता देवी मंदिर में 2 लाख श्रद्धालु पहुंचे।
आगरा के चामुंडा देवी मंदिर में 2 लाख, कैला माता मंदिर में 15 लाख और शीतला माता मंदिर में 10 लाख श्रद्धालु पहुंचे।
मथुरा के नरी सेमरी मंदिर में 3 लाख भक्त पहुंचे, जहां मूर्ति खड़ी करने और लाठी-डंडे से पूजा की परंपरा आकर्षण का केंद्र रही।
झांसी के पंचकुइया, कैमासन, महाकाली और लहर देवी मंदिर में 1-1 लाख से अधिक श्रद्धालु पहुंचे।
महाराजगंज के लेहड़ा देवी मंदिर में 2 लाख, औरैया के 15 मंदिरों में ढाई लाख श्रद्धालु आए।

मिशन शक्ति 5.0 : भक्ति के साथ नारी सशक्तिकरण
नवरात्रि के पहले दिन पूरे प्रदेश में महिला पुलिस कर्मियों ने स्कूटी रैली निकालकर मिशन शक्ति 5.0 का शुभारंभ किया। इस दौरान स्कूली कन्याओं को प्रशासनिक जिम्मेदारी सौंपकर सम्मानित किया गया। मंदिरों में महिला पुलिस की तैनाती, 1090 हेल्पलाइन की सक्रियता और प्रदर्शनी आयोजन ने नारी सुरक्षा और सम्मान को नया आयाम दिया।


