लखनऊ: पुलिस ने एक अंतरराज्यीय सॉल्वर गैंग का भंडाफोड़ किया है, जो AI और चैट GPT जैसी तकनीकों का इस्तेमाल करके फर्जी ID और आधार कार्ड बनाता था। गैंग IBPS और अन्य सरकारी परीक्षाओं में दूसरों की जगह परीक्षा देने वालों से 5 लाख रुपये तक की डील करता था।
डीसीपी साउथ निपुण अग्रवाल ने बताया कि IBPS परीक्षा (5 अक्टूबर) के दौरान बिजनौर स्थित एक एग्जाम सेंटर पर संदिग्ध एंट्री का मेल मिला। इसमें बताया गया कि गौरव आदित्य की जगह अभिषेक कुमार परीक्षा दे रहा है। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की और अभिषेक को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिससे पूरे गैंग का खुलासा हुआ।
AI से बनाते थे दो चेहरों का मिश्रित फोटो
जांच में सामने आया कि यह गैंग फेस मिक्सिंग ऐप “मिक्स ग्राइंडर”, “जैमिनी एआई”, “फोटोर” और “चैट GPT” की मदद से दो लोगों के चेहरे को एक साथ जोड़कर नई पहचान तैयार करता था।
यह तस्वीरें इतनी वास्तविक लगती थीं कि एग्जाम सेंटर पर शक की कोई गुंजाइश नहीं रहती थी।
डीसीपी अग्रवाल ने बताया, “आरोपी टेक्नोलॉजी का दुरुपयोग करते हुए AI फोटो मर्जिंग से नकली पहचान पत्र तैयार करते थे। इसके बाद फर्जी आधार और एडमिट कार्ड बनाकर प्रॉक्सी उम्मीदवार को परीक्षा में भेजते थे।”
5 लाख 20 हजार में होती थी डील, बैंक अधिकारी था सरगना
पुलिस के अनुसार, गैंग का सरगना आनंद कुमार, जो यूपी ग्रामीण बैंक में असिस्टेंट मैनेजर है, अपने साथियों के साथ इस पूरे रैकेट को चलाता था।
प्रत्येक सौदे में 5 लाख 20 हजार रुपये लिए जाते थे।
-
₹2 लाख सरगना आनंद कुमार को मिलते थे।
-
₹20 हजार प्री-एग्जाम देने वाले सॉल्वर को।
-
₹1 लाख मेन एग्जाम देने वाले को।
-
शेष राशि चयन के बाद वसूली जाती थी।
डीसीपी ने बताया कि गैंग में शामिल सुधांशु कुमार यूको बैंक में स्केल-1 अधिकारी है, जो परीक्षा पैटर्न और प्रक्रिया से भलीभांति परिचित था।
गिरफ्तार आरोपी और उनकी भूमिका
पुलिस ने 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया है —
-
आनंद कुमार – मास्टरमाइंड, असिस्टेंट मैनेजर (यूपी ग्रामीण बैंक)
-
गौरव आदित्य – असली अभ्यर्थी
-
अभिषेक कुमार – सॉल्वर
-
हर्ष जोशी – सॉल्वर
-
भागीरथ शर्मा – टेक्निकल सपोर्ट
-
सुधांशु कुमार – यूको बैंक अधिकारी
-
धनंजय कुमार सौरभ
-
राजीव नारायण पांडे
-
मुकेश कुमार – इफको कर्मचारी
-
आशीष रंजन
कैसे हुआ पर्दाफाश
IBPS की ओर से आए एक मेल ने इस पूरे रैकेट की परतें खोलीं। बिजनौर परीक्षा केंद्र से पकड़े गए एक सॉल्वर अभिषेक कुमार से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने AI फोटो मिक्सिंग, मोबाइल, लैपटॉप और फर्जी आईडी दस्तावेज बरामद किए।
पुलिस के अनुसार, दो असली अभ्यर्थी योगेंद्र कुमार और आकाशदीप अभी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है।
साइबर टेक्नोलॉजी का गलत इस्तेमाल
यह पहला मामला है जिसमें आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और फोटो मिक्सिंग टूल्स का इस्तेमाल सरकारी परीक्षा में धोखाधड़ी के लिए किया गया है।
साइबर एक्सपर्ट्स का कहना है कि यह मामला डिजिटल क्राइम और एजुकेशन सेक्टर में सुरक्षा को लेकर बड़ी चेतावनी है।
पुलिस की चेतावनी
डीसीपी अग्रवाल ने कहा,
“AI और टेक्नोलॉजी का दुरुपयोग कर परीक्षा में फर्जीवाड़ा करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। सभी को सायबर फ्रॉड के प्रति जागरूक रहना चाहिए।”


