लखनऊ। राजधानी लखनऊ में शुक्रवार को करवा चौथ का पर्व पूरे उत्साह और आस्था के साथ मनाया गया। जैसे ही आसमान में चांद नजर आया, सुहागिन महिलाओं ने अपने पति की लंबी उम्र और अच्छे स्वास्थ्य की कामना करते हुए व्रत खोला।
शहर भर के मंदिरों और घरों में चौथ माता की कथा का आयोजन हुआ। महिलाएं दुल्हन की तरह सोलह श्रृंगार कर सज-धज कर करवा पूजा में शामिल हुईं। कई महिलाओं ने कलश के ऊपर दीपक रखकर, पूजा की थालियों में दीप, चावल, कुमकुम और मिठाई सजाकर एक-दूसरे को थाली देते हुए पारंपरिक विधि से पूजा संपन्न की।
वीडियो कॉल पर पति को देखकर सिपाही ने खोला व्रत
लखनऊ के हजरतगंज थाने में तैनात एक महिला सिपाही ने अपने पति को वीडियो कॉल पर देखकर व्रत खोला। ड्यूटी पर होने के बावजूद उन्होंने पूरे दिन निर्जला व्रत रखा और शाम को चांद निकलने पर पति को वीडियो कॉल से देखकर पारंपरिक विधि से पूजा पूरी की।
डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने पत्नी संग मनाया पर्व
प्रदेश के डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने भी अपनी पत्नी नम्रता पाठक के साथ करवा चौथ मनाया। इस मौके पर उन्होंने देश और प्रदेश की सभी नारी शक्ति को इस महापर्व की हार्दिक शुभकामनाएं और बधाई दीं।
सिंधी और पंजाबी समुदाय का पारंपरिक आयोजन
नाका स्थित श्री परमहंस अद्वैत मत मंदिर में सिंधी और पंजाबी समुदाय की महिलाओं ने विशेष पूजा की। पूजा में शामिल तनु रस्तोगी ने बताया कि यह विशेष परंपरा वर्षों से चली आ रही है, जिसमें महिलाएं व्रत तोड़ने से पहले मिलकर पूजा करती हैं और एक-दूसरे को थाली देती हैं।
पूजा में महिलाएं घर से विशेष पूजन सामग्री लेकर आईं। उन्होंने कहा कि “करवा चौथ का व्रत पति की लंबी आयु और वैवाहिक जीवन की सुख-समृद्धि के लिए किया जाता है।”
पूजा का माहौल और सजावट
पूरे लखनऊ शहर में करवा चौथ के अवसर पर उल्लास का माहौल रहा। बाजारों में मेहंदी, पूजा सामग्री, और सोलह श्रृंगार की दुकानों पर दिनभर भीड़ रही। महिलाएं पारंपरिक परिधानों में सजी हुईं और शाम को मंदिरों में विशेष आरती में शामिल हुईं।


