लखनऊ। राज्य में 69,000 शिक्षक भर्ती अभ्यर्थियों का विरोध प्रदर्शन लगातार जारी है। रविवार को दूसरे दिन अभ्यर्थियों ने बीएसपी सुप्रीमो मायावती के आवास का घेराव कर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने नारे लगाए- “बहनजी न्याय दिलाओ- सुप्रीम कोर्ट में पैरवी करो” और “PDA को न्याय दो”। अभ्यर्थियों ने कहा कि संघर्ष करते-करते थक चुके हैं।
प्रदर्शनकारियों और पुलिस में झड़प
मायावती के आवास के बाहर प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच झड़प की स्थिति भी बनी। प्रदर्शनकारी पीछे हटने को तैयार नहीं थे। इसके बाद चार लोगों का प्रतिनिधिमंडल बीएसपी प्रतिनिधि से मिला और ज्ञापन सौंपा।
सुप्रीम कोर्ट में लचर पैरवी का आरोप
अभ्यर्थियों का आरोप है कि सुप्रीम कोर्ट में प्रदेश सरकार की लचर पैरवी के कारण उन्हें नियुक्ति नहीं मिल पा रही। पिछले 5 वर्षों से रोजगार के लिए संघर्ष कर रहे अभ्यर्थी मांग कर रहे हैं कि सरकार की तरफ से मजबूत पैरवी हो और उनका पक्ष बनाम निर्णय आए।
प्रदर्शनकारियों की बातें
-
मनोज कुमार यादव (जौनपुर): “सड़कों पर संघर्ष करके थक चुके हैं। हम PDA, बहुजन और SC समाज के बेटे हैं। बहनजी हमारी आवाज बनें और हमारे मामले का निपटारा करवाएं।”
-
धनंजय गुप्ता (देवरिया): “बहनजी हमारी आखिरी उम्मीद हैं। वह पिछड़ों-दलितों की मसीहा हैं। उनसे निवेदन है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से हमारी बात पहुंचाएं और हमें न्याय दिलाएं।”
-
प्रतापगढ़ से मनोज: “रिक्ति निकलने के बाद से लगातार संघर्ष कर रहे हैं। कई बार मंत्रियों के आवास घेरा। महीनों इको गार्डन में धरना प्रदर्शन किया। लेकिन अब तक हमारी कोई सुनवाई नहीं हुई।”
न्याय और पैरवी की मांग
अभ्यर्थियों ने बताया कि पिछड़ा आयोग ने सीटों में घोटाले को स्वीकार किया, हाईकोर्ट में जीत भी हासिल की। मगर मामला सुप्रीम कोर्ट में लंबित है, और सरकार की ओर से पैरवी नहीं हो रही, वकील नहीं पहुँच रहे। इस वजह से मामला लटका हुआ है। प्रदर्शनकारियों ने बहनजी मायावती से पैरवी कर उनके रोजगार दिलाने की गुहार लगाई।


