लखनऊ: में नगर निगम के अंदर मेयर सुषमा खर्कवाल और नगर आयुक्त गौरव कुमार के बीच चल रही खींचतान अब खुलकर सामने आ गई है। दोनों अधिकारियों के बीच अधिकारों और फैसलों को लेकर जारी विवाद के कारण नगर निगम की दो कार्यकारिणी बैठकें बेनतीजा रहीं, जिससे शहर के कई जरूरी विकास कार्य ठप पड़ गए हैं।
अधिकारों की लड़ाई बनी शहर के विकास में रोड़ा
24 अक्टूबर को हुई पहली कार्यकारिणी बैठक में अधिकारों को लेकर दोनों के बीच बहस हो गई। इसके बाद 30 अक्टूबर को दूसरी बैठक हुई, जिसमें मेयर मुखर रहीं और नगर आयुक्त शांत। इस बैठक में भी कोई ठोस निर्णय नहीं हो सका और डेढ़ घंटे की चर्चा के बाद कार्यकारिणी स्थगित करनी पड़ी।
इस टकराव का सीधा असर शहर के बजट और विकास कार्यों पर पड़ा है। नगर निगम का बजट तैयार है, लेकिन कार्यकारिणी की मंजूरी न होने के कारण उस पर अमल नहीं हो पा रहा।
सदन के फैसले भी अटके, विकास की फाइलें धूल खा रहीं
4 और 9 सितंबर को नगर निगम का सदन दो दिन तक चला था। उसमें कई अहम प्रस्ताव पास हुए, लेकिन मीटिंग मिनट्स पर अब तक मेयर के हस्ताक्षर नहीं हुए।
इन प्रस्तावों को अमल में लाने के लिए मेयर की स्वीकृति जरूरी है। मेयर ने कहा है कि “ये मुद्दे अगले सदन में रखे जाएंगे।” वहीं नगर आयुक्त का कहना है कि बिना कार्यकारिणी की सहमति के कोई भी विकास कार्य शुरू नहीं किया जा सकता।
इस बीच नगर निगम के कई विभागों में फाइलें रुकी पड़ी हैं और शहर के मूलभूत कार्य जैसे नाला सफाई, सड़कों की मरम्मत, और स्ट्रीट लाइट की दुरुस्ती ठप हैं।
बजट कार्यकारिणी नहीं बनी, तो रुका फंड ट्रांसफर
नगर निगम प्रशासन ने 14 अक्टूबर के बाद बजट कार्यकारिणी की बैठक बुलाने का प्रस्ताव दिया था, लेकिन मेयर से समय नहीं मिला। इसके कारण अब तक पुनरीक्षित बजट पर चर्चा नहीं हो सकी।
बिना बजट कार्यकारिणी के, विभिन्न मदों में रखे फंड का ट्रांसफर संभव नहीं है।
नगर निगम के पास अभी करीब 350 करोड़ रुपए अप्रयुक्त मदों में पड़े हैं, जिन्हें जरूरत के अनुसार सफाई, पैचवर्क और लाइटिंग में लगाया जा सकता है। मगर कार्यकारिणी की मंजूरी के बिना यह पैसा उपयोग नहीं हो पा रहा।
नालों से लेकर सड़कों तक रुके प्रोजेक्ट
वर्तमान स्थिति में कई प्रमुख कार्य अधर में हैं:
-
नालों की सफाई के लिए बजट पर्याप्त नहीं, कई इलाकों में जलभराव की स्थिति।
-
सड़क मरम्मत (पैच वर्क) के लिए 10 करोड़ स्वीकृत, मगर 23 करोड़ की और मांग लंबित।
-
स्ट्रीट लाइट की समस्या बरकरार, क्योंकि मैनपावर की कमी और फंडिंग दोनों बाधा बने हुए हैं।
-
उद्यान और जनरल हेड के तहत चलने वाले सौंदर्यीकरण कार्य भी रुके हुए हैं।
पुनरीक्षित बजट अक्टूबर में आना चाहिए था, अब दिसंबर की उम्मीद
नगर निगम अधिनियम के मुताबिक पुनरीक्षित बजट अक्टूबर के पहले सप्ताह में पास होना चाहिए। लेकिन दो बैठकों के बेनतीजा रहने के कारण अब संभावना है कि दिसंबर से पहले बजट पास नहीं होगा।
बिना बजट स्वीकृति के कोई भी नया प्रोजेक्ट शुरू नहीं किया जा सकता, जिससे शहर के विकास की गति पूरी तरह थम गई है।
पार्षदों ने भी जताई नाराजगी
24 अक्टूबर की बैठक के वीडियो सामने आने के बाद भाजपा और सपा दोनों दलों के पार्षदों ने मेयर और नगर आयुक्त दोनों पर सवाल उठाए। पार्षदों का कहना है कि जब समय पर बजट कार्यकारिणी ही नहीं हो रही, तो शहर के विकास को कैसे गति मिलेगी?


